डाक पार्सल वैन से 10 लाख रुपये की विदेशी शराब जब्त, उत्पाद विभाग ने दो तस्करों को दबोचा

डाक पार्सल वैन से 10 लाख रुपये की विदेशी शराब जब्त, उत्पाद व
डाक पार्सल वैन से 10 लाख रुपये की विदेशी शराब जब्त- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : बक्सर जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने वीर कुंवर सिंह सेतु ऊपरी पुल स्थित चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। 'डाक पार्सल' के नाम पर अवैध शराब की तस्करी कर रहे एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध वैन को जब्त किया है। शाम के समय चलाए गए इस अभियान के दौरान वैन के भीतर से भारी मात्रा में हरियाणा निर्मित अवैध विदेशी शराब बरामद की गई, जिसे सरकारी डाक सेवा का भ्रम देकर ले जाया जा रहा था।


95 कार्टन विदेशी शराब बरामद, 10 लाख बताई जा रही बाजार कीमत 

उत्पाद अवर निरीक्षक प्रिंस कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस जांच अभियान के दौरान संदिग्ध अवस्था में रुकवाई गई डाक पार्सल वैन की जब गहन तलाशी ली गई, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। वैन के भीतर से कुल 95 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 844.20 लीटर पाई गई। जब्त की गई इस अवैध शराब की कुल बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी जा रही है। उत्पाद विभाग ने शराब के साथ वाहन को भी जब्त कर लिया है।


मौके से दो शराब तस्कर गिरफ्तार, जालंधर से पूर्णिया जा रही थी खेप 

उत्पाद विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से वैन में सवार दो शराब तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से की गई शुरुआती पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने स्वीकार किया कि शराब की यह बड़ी खेप पंजाब के जालंधर से लोड की गई थी और इसे बिहार के पूर्णिया जिले में आपूर्ति के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। तस्करों ने पुलिस व जांच चौकियों की नजरों से बचने के लिए वाहन पर डाक पार्सल का बोर्ड लगा रखा था।


उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज, आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू 

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बक्सर के उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार तस्करों के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि जालंधर से लेकर पूर्णिया तक इस अंतरराज्यीय सिंडिकेट में कौन-कौन से मुख्य सरगना और स्थानीय धंधेबाज शामिल हैं।


बक्सर सीमा पर बढ़ाई गई चौकसी, शराब माफियाओं में मचा हड़कंप 

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने स्पष्ट किया कि अंतरराज्यीय सीमाओं पर शराब तस्करों के किसी भी नापाक मंसूबे को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश से सटे बक्सर सीमा पर स्थित सभी चेक पोस्टों पर चौबीसों घंटे सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उत्पाद विभाग की इस बड़ी और अचानक हुई कार्रवाई के बाद से अंतरराज्यीय शराब तस्करों और स्थानीय अवैध शराब माफियाओं के बीच हड़कंप का माहौल बना हुआ है।


रंजीत की रिपोर्ट