Bihar Crime: CM के गया पहुंचने से पहले बड़ी वारदात, दुकान में तोड़फोड़ कर व्यवसायी से 15 लाख की लूट

Bihar Crime: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गया आगमन से पहले एक व्यवसायी के साथ मारपीट, रंगदारी मांगने, दुकान में तोड़फोड़ और करीब 15 लाख रुपये नकद लूटने का आरोप सामने आया है।...

Gaya Businessman Alleges  15 Lakh Loot Before CM Visit
CM के गया पहुंचने से पहले बड़ी वारदात- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गया आगमन से पहले भूसुंडा इलाके में एक व्यवसायी के साथ मारपीट, रंगदारी मांगने, दुकान में तोड़फोड़ और करीब 15 लाख रुपये नकद लूटने का आरोप सामने आया है। गया-फतेहपुर रोड स्थित भूसुंडा के पास जय श्री विष्णु एंड कंपनी में हुई कथित वारदात के बाद व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। पीड़ित व्यवसायी प्रमोद कुमार गुप्ता ने मुफस्सिल थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दिए आवेदन के मुताबिक, प्रमोद कुमार गुप्ता अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान रामनंदन शर्मा, उनके पुत्र कन्हैया शर्मा समेत कई लोग कथित तौर पर दुकान में पहुंचे। व्यवसायी का आरोप है कि आरोपितों ने उनसे रंगदारी की मांग की। इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।आरोप है कि मारपीट के दौरान दुकान में जमकर तोड़फोड़ की गई। नोट गिनने वाली मशीन, प्रिंटर और मुख्य गेट का शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। अचानक हुए हंगामे से दुकान में अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे।

व्यवसायी के मुताबिक, घटना के दौरान काउंटर के पास एक थैले में करीब 15 लाख रुपये नकद रखे थे। आरोप है कि मारपीट और तोड़फोड़ के बीच उक्त रकम भी आरोपित अपने साथ ले गए। पीड़ित ने पुलिस से कथित तौर पर लूटी गई रकम बरामद कराने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।व्यवसायी ने यह भी आरोप लगाया है कि शाम करीब 5:40 बजे कुछ लोग दोबारा दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। इसके बाद पीड़ित और उनके परिवार में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की है।

पीड़ित ने पुलिस से दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है। उनका कहना है कि फुटेज से घटना के दौरान दुकान में पहुंचे लोगों और पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकती है। कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जांच में अहम हो सकते हैं।इसके अलावा दुकान में क्षतिग्रस्त सामान का मूल्यांकन कराने की भी मांग की गई है। व्यवसायी का कहना है कि नोट गिनने वाली मशीन, प्रिंटर और गेट के शीशे को नुकसान पहुंचाया गया है।

भूसुंडा और आसपास के कारोबारी इलाके में घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि अगर दिनदहाड़े कारोबारी प्रतिष्ठान में घुसकर मारपीट और लूट जैसे आरोप सामने आते हैं तो व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ना स्वाभाविक है। उन्होंने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।मुफस्सिल थाना पुलिस ने व्यवसायी के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। मारपीट, रंगदारी, तोड़फोड़ और 15 लाख रुपये लूटने के आरोप फिलहाल पीड़ित के आवेदन पर आधारित हैं। पुलिस CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

रिपोर्ट- मनोज कुमार