Bihar Crime News: बिहार में डेंटल डॉक्टर से रंगदारी की डिमांड, फोन पर दी गई धमकी, पुलिस तहकीकात में जुटी
Bihar Crime News: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ...
Bihar Crime News: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। गया जी शहर के रामपुर थाना क्षेत्र में एक डेंटल डॉक्टर से फोन कर रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित डॉक्टर ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
मामला रामपुर थाना क्षेत्र के आशा सिंह मोड़ के पास स्थित दंतिका डेंटल क्लिनिक का है। यहां प्रैक्टिस करने वाले डॉ. रुमान हम्मादी को अज्ञात अपराधियों ने फोन कर रंगदारी की मांग की। सूत्रों के मुताबिक कॉल करने वाले शख्स ने खुद को प्रभावशाली बताकर डॉक्टर को अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। हालांकि कितनी रकम की मांग की गई, इसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर ने थाने में भी राशि का जिक्र स्पष्ट तौर पर नहीं किया है।
घटना के बाद जब डॉ. रुमान हम्मादी से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया और कहा कि पूरे मामले की जानकारी थाना स्तर से ही ली जाए। इससे मामले को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ लोग इसे आपसी रंजिश या निजी विवाद से जोड़कर भी देख रहे हैं, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर रामपुर थाना अध्यक्ष ने पुष्टि की है कि रंगदारी मांगने की शिकायत दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि जिस नंबर से कॉल आया है, उसकी तकनीकी जांच कराई जा रही है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाले जा रहे हैं और नंबर की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही तस्वीर साफ होगी। शहर में बढ़ती आपराधिक वारदातों के बीच यह घटना एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
रिपोर्ट - मनोज कुमार