सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर, न्याय के लिए पीड़िता ने PM, CM और DGP को भेजा ई-मेल,आईजी के आदेश के बावजूद पुलिस बेखबर
Bihar Crime: बिहार के गया जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ...
Bihar Crime: बिहार के गया जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वारदात के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काटने के बाद जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो लाचार पीड़ित परिवार ने अब ई-मेल के जरिए देश के प्रधानमंत्री, राज्य के मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
यह दर्दनाक मामला गया के मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। पीड़िता ने बताया कि घटना वाले दिन वह अपने घर में अकेली थी। इसी का फायदा उठाकर गांव के ही तीन मनचले युवक जबरन घर में घुस आए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से ही तीनों आरोपी फरार चल रहे हैं।पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी न किए जाने से पीड़ित परिवार में भारी दहशत का माहौल है। पीड़िता के अनुसार, तीनों आरोपी बेखौफ होकर घूम रहे हैं और केस वापस लेने के लिए परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। आरोपियों के इस आक्रामक रवैये के कारण पीड़ित परिवार अपने ही घर में असुरक्षित महसूस कर रहा है।
न्याय की उम्मीद में पीड़ित परिवार ने स्थानीय थाने से लेकर एसपी और आईजी कार्यालय तक गुहार लगाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी ने संबंधित डीएसपी को जांच और त्वरित कार्रवाई का निर्देश भी दिया था। हालांकि, आईजी के निर्देश के बावजूद मगध विश्वविद्यालय थाने की पुलिस अब तक आरोपियों को पकड़ने में नाकाम रही है। अंततः पुलिस की इस निष्क्रियता से हताश होकर पीड़िता ने ई-मेल के माध्यम से देश और राज्य के शीर्ष नेतृत्व का दरवाजा खटखटाया है।
रिपोर्ट- मनोज कुमार