Bihar Crime: गया में वार्ड पंच की बेरहमी से हत्या, गांव में सनसनी, आरोपी गिरफ्तार

Bihar Crime: वार्ड पंच की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।...

Gaya Ward Panch brutally murdered
वार्ड पंच की बेरहमी से हत्या- फोटो : reporter

Gaya:  जिले के अलीपुर थाना क्षेत्र में वार्ड पंच की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना निमसर ढिबरा गांव की है, जहां 55 वर्षीय रामवचन ठाकुर की हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया शुरू की।मृतक की पहचान निमसर ढिबरा गांव निवासी रामकृत ठाकुर के 55 वर्षीय पुत्र रामवचन ठाकुर के रूप में हुई है। रामवचन मखदुमपुर ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या 12 के पंच थे। पंचायत प्रतिनिधि होने के साथ वह खेती-किसानी से भी जुड़े हुए थे।

बताया जा रहा है कि वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। घटना में संलिप्तता की आशंका को देखते हुए पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया था। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने हत्या के आरोपी राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। राहुल कुमार भी निमसर ढिबरा गांव का ही रहने वाला बताया जा रहा है।

वार्ड पंच की हत्या की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ वारदात के पीछे किसी पुराने विवाद या अन्य वजह की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम और जांच के आधार पर हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल हथियार और हत्या के वास्तविक कारणों का पतालगाने में जुटी है।

गांव में पंचायत प्रतिनिधि की हत्या के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। फिलहाल आरोपी राहुल कुमार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि हत्या की वारदात किस वजह से की गई और इसमें आरोपी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

रिपोर्ट - मनोज कुमार