Bihar Crime: महिला पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला, जान बचाकर भागी, गया में खेत जुताई को लेकर खूनी बवाल

Bihar Crime: गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के बिरने गांव में खेत की जुताई को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। ...

Gaya Woman Beaten Brutally
महिला पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला- फोटो : reporter

Bihar Crime: गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के बिरने गांव में खेत की जुताई को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने एक महिला को घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना का कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पीड़िता के मुताबिक, खेत की जुताई को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच परिवार की महिलाएं जुताई रोकने के लिए खेत पर पहुंची थीं। आरोप है कि वहां मौजूद युवकों ने महिलाओं से बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। इसके बाद युवकों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया।

पीड़ित परिवार के सदस्य सुनील ने बताया कि खेत की जुताई रोकने के लिए उनकी मां, पत्नी, भतीजी और भाभी खेत पर गई थीं। इसी दौरान आरोपित युवकों से विवाद बढ़ गया। अचानक हुए हमले में उनकी मां को गंभीर चोटें आईं। परिवार का आरोप है कि हमला इतना अचानक और आक्रामक था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिला किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल हुई।

हमले के बाद घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है। परिजनों के मुताबिक महिला को शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं और हमले के बाद उसकी हालत काफी खराब हो गई थी।

घटना के बाद पीड़िता की ओर से वजीरगंज थाना में लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि महिला पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। परिवार ने आरोपित युवकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।घटना का वीडियो वायरल होने के बाद गांव में भी मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आवेदन में लगाए गए आरोपों, वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।खेत की जुताई जैसे विवाद का हिंसक रूप लेना ग्रामीण इलाकों में आपसी विवादों के बढ़ते तनाव को भी सामने लाता है। पीड़ित परिवार ने पुलिस-प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो।

रिपोर्ट-प्रेमशंकर