Bihar Crime: युवक को मारी गोली, जमीन और पानी प्लांट के विवाद में खूनी वारदात
Bihar Crime: जमीन खाली कराने और पानी प्लांट को लेकर चल रहा विवाद हिंसक वारदात में तब्दील हो गया।
Bihar Crime: जमीन खाली कराने और पानी प्लांट को लेकर चल रहा विवाद हिंसक वारदात में तब्दील हो गया।गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के बसडिला गांव के समीप एक युवक को गोली मार दी गई। गोली उसके मुंह के पास से निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक की पहचान बसडीहला नौका टोला निवासी जगदीश प्रसाद के 30 वर्षीय पुत्र बुलेट कुमार के रूप में हुई है।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बुलेट कुमार को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। वहां इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक, युवक की जमीन पर आरोपी ने किराये पर पानी का प्लांट लगा रखा था। इसी जमीन को खाली कराने को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी दिनों से तनातनी चल रही थी।
बताया जाता है कि बुलेट कुमार लगातार आरोपी से अपनी जमीन खाली करने की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद गहराता जा रहा था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी की कुछ हरकतों को लेकर पहले से ही युवक के साथ अनबन थी। पिछले कई दिनों से जमीन और पानी प्लांट को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ था। इसी बीच गुरुवार को विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया और आरोपी ने कथित तौर पर बुलेट कुमार पर गोली चला दी। गोली मुंह के करीब से गुजर गई, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
गोलीबारी की खबर मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस घटना के पीछे की असल वजह, परिजनों के आरोपों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और पूरे मामले की जांच को लेकर पुलिस की छानबीन जारी है।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा