पुरानी रंजिश का खूनी अंजाम, गोपालगंज में चाकू से ताबड़तोड़ हमला, मां-बेटा लहूलुहान

Bihar Crime: कुछ हमलावरों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां को भी नहीं बख्शा गया...

Mother Son Stabbed
पुरानी रंजिश का खूनी अंजाम- फोटो : reporter

Gopalganj:  जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पुराने विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया। देर रात कुछ हमलावरों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां को भी नहीं बख्शा गया और उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। इस वारदात में मां-बेटा दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह पूरी घटना नगर थाना क्षेत्र के नवादा राजोखर गांव के लंगड़ा मोड़ के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले दो मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय मामला किसी तरह शांत हो गया था, लेकिन उसी पुरानी रंजिश ने मंगलवार की देर रात फिर से सिर उठा लिया और मामला सीधे चाकूबाजी तक पहुंच गया।

घायल युवक की पहचान नितेश कुमार के रूप में हुई है, जबकि उनकी मां उर्मिला देवी भी इस हमले में घायल हो गईं। दोनों को गंभीर हालत में मॉडल सदर अस्पताल गोपालगंज में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

घायल नितेश कुमार ने बताया कि वह बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी सामने से बुलेट बाइक पर सवार कुछ लोगों ने उनकी बाइक में धक्का मार दिया। उस समय उन्होंने किसी तरह का विरोध नहीं किया और वहां से वापस लंगड़ा मोड़ की ओर लौट गए। लेकिन आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उन्हें घेर लिया और अचानक चाकू से हमला कर दिया।

पीड़ित युवक का कहना है कि हमलावरों ने न सिर्फ उन्हें चाकू मारकर घायल किया, बल्कि बाद में उनके घर के दरवाजे तक पहुंच गए और उनकी मां पर भी हमला बोल दिया। इस दौरान कुछ महिलाओं ने भी लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे उर्मिला देवी भी जख्मी हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल घायलों का बयान दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।इस खौफनाक घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग कानून-व्यवस्था को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा