Bihar Crime:बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार पर हमला, बड़े भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा वार, पुलिस ने शुरू की ताबड़तोड़ कार्रवाई

Bihar Crime: बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने की घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।...

Pankaj Tripathi Brother Attacked
बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार पर हमला- फोटो : reporter

Bihar Crime: बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने की घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। वारदात के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में भारी बेचैनी और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक यह घटना गोपालगंज जिले के माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव में हुई। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते आरोपियों ने बिजेंद्र नाथ तिवारी को निशाना बनाया। हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक बताई। गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। परिवार के लोग लगातार उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं।

घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। शुरुआती तफ्तीश में हमले के पीछे पुरानी अदावत की बात सामने आई है। पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

फिल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार से जुड़ी इस घटना ने न केवल गोपालगंज बल्कि पूरे बिहार में चर्चा का विषय बना दिया है। फिलहाल सबकी निगाहें घायल बिजेंद्र नाथ तिवारी के स्वास्थ्य और पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- धीरज कुमार सिंह