हाजीपुर समाहरणालय में टेंडर को लेकर खूनी बवाल, हंसुए से हमला, 2 लाख नकद और सोने की चेन लूटने का आरोप, पूर्व विधायक समेत 4 नामजद, 60 अज्ञात पर केस

Bihar Crime: टेंडर प्रक्रिया के दौरान पहले मारपीट हुई, फिर निविदा से जुड़े दस्तावेज़ फाड़ दिए गए और 2 लाख रुपये नकद तथा सोने की चेन छीन ली गई।

Hajipur Tender Clash Ex MLA Among 4 Booked 60 Unnamed Accuse
समाहरणालय में टेंडर को लेकर खूनी बवाल- फोटो : reporter

Vaishali: हाजीपुर स्थित समाहरणालय परिसर मंगलवार को उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब वाहन पड़ाव की निविदा (टेंडर) भरने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया के दौरान पहले मारपीट हुई, फिर निविदा से जुड़े दस्तावेज़ फाड़ दिए गए और 2 लाख रुपये नकद तथा सोने की चेन छीन ली गई। घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस मामले में महुआ के पूर्व विधायक मुकेश रोशन समेत चार नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

गांधी आश्रम वार्ड संख्या-27 निवासी रविंद्र कुमार ने दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ रामाशीष चौक बस स्टैंड-टेंपो स्टैंड की निविदा में हिस्सा लेने पहुंचे थे। उनके पास निविदा से संबंधित सभी आवश्यक कागजात, बैंक ड्राफ्ट और दो लाख रुपये नकद मौजूद थे।

शिकायत के अनुसार, इसी दौरान पूर्व विधायक मुकेश रोशन के इशारे पर लाल राय ने कथित तौर पर हंसुए से उनके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। वार इतना तेज था कि उनका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद मुकेश राय, बबलू राय समेत दर्जनों लोग कथित तौर पर हथियारों के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित पक्ष के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि हमलावरों ने निविदा के सभी दस्तावेज़ फाड़ दिए, दो लाख रुपये नकद और गले से सोने की चेन छीन ली। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जाते-जाते आरोपियों ने दोबारा टेंडर में हिस्सा लेने पर पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी दी।घटना के बाद घायल रविंद्र कुमार और उनके साथियों ने सदर अस्पताल में इलाज कराया और फिर नगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार