पटना में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-ऑटो की टक्कर में मां-बेटी की मौत, तीन लोग घायल
सूचना मिलते ही पचरुखिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Road accident in Patna : पटना जिले के पचरुखिया थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में ऑटो सवार मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की पुष्टि पटना सदर-2 के एसडीपीओ ने की है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पचरुखिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और ऑटो को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
रंजीत की रिपोर्ट