दानापुर स्टेशन के बाहर अवैध वसूली का पर्दाफाश, खगौल पुलिस ने 7 शातिर अभियुक्तों को रंगेहाथ दबोचा
पटना की खगौल थाना पुलिस ने दानापुर स्टेशन के सामने मुख्य सड़क पर जबरन लोगों से रंगदारी वसूलने वाले 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से नगद राशि और फर्जी टिकट की रसीद पैड बरामद की है.....
Patna : पटना के दानापुर रेलवे स्टेशन के बाहर मुख्य सड़क पर आने-जाने वाले वाहनों से अवैध वसूली करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देश पर खगौल थाना पुलिस द्वारा की गई त्वरित छापेमारी में रंगदारी वसूल रहे 07 अभियुक्तों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान वाहनों से अवैध रूप से वसूले गए रुपये और फर्जी टिकट की रसीद पैड भी मौके से जब्त की है।
छापेमारी में नकद, मोबाइल और रसीद पैड जब्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि खगौल थाना क्षेत्र स्थित दानापुर स्टेशन के बाहर कुछ लोग जबरन वाहनों को रोक-रोक कर अवैध वसूली कर रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद खगौल थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 17,205 नकद, 05 पीस टिकट रसीद पैड तथा 05 मोबाइल फोन बरामद किए।
पटना के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पटना जिले के विभिन्न इलाकों के निवासियों के रूप में की गई है। इनमें मनोज कुमार रजक (रूपसपुर), मो. अहसान आलम (खगौल), मनीष कुमार (शाहपुर), सोनू कुमार (खगौल), हर्ष कुमार (खगौल), राहुल कुमार (फुलवारीशरीफ) और रविशंकर कुमार (खगौल) शामिल हैं। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध सिंडिकेट के पीछे शामिल अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके।
भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज
इस पूरे मामले में खगौल थाने में कांड संख्या 494/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 308(2), 308(3), 318(4), 132, 351(2), 352 और 3(5) के तहत प्राथमिकी पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।
आम जनता के लिए पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
कार्रवाई के बाद पश्चिम क्षेत्र पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध वसूली या रंगदारी मांगने वालों को पैसे न दें। पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि अगर कोई भी व्यक्ति अवैध तरीके से पैसे मांगता है या डराता-धमकाता है, तो उसकी तुरंत सूचना पुलिस के आधिकारिक मोबाइल नंबर 9031825815 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
रंजीत की रिपोर्ट