Bihar EOU Raid: सबेरे सबरे जमुई जिला परिषद अध्यक्ष के आवास पर आर्थिक अपराध इकाई का छापा, बाहुबली कनेक्शन और संपत्तियों की जांच से बढ़ी बेचैनी
Bihar EOU Raid: जमुई के सिकंदरा इलाके में आर्थिक अपराध इकाई की कार्रवाई से सियासी और सामाजिक हलकों में खलबली मच गई।
Bihar EOU Raid: जमुई के सिकंदरा इलाके में आज यानी मंगलवार को आर्थिक अपराध इकाई की कार्रवाई से सियासी और सामाजिक हलकों में खलबली मच गई। जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी और पूर्व एमएलसी प्रत्याशी गुड्डू यादव के आवास पर ईओयू की टीम ने दस्तक दी। अचानक हुई इस छापेमारी ने इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है और कई सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
दुलारी देवी जमुई जिला परिषद की वर्तमान अध्यक्ष हैं। उन्होंने वर्ष 2011 में सिकंदरा पूर्वी जिला परिषद क्षेत्र से पहली बार चुनावी मैदान में कदम रखा था और जनता का भरोसा हासिल कर जीत दर्ज की थी। वर्ष 2016 में क्षेत्र के आरक्षित होने के बाद उन्होंने अपनी राजनीतिक रणनीति बदली और नए क्षेत्र से चुनाव लड़कर बड़ी जीत हासिल की।
वहीं गुड्डू यादव का नाम जमुई की सियासत में एक प्रभावशाली और चर्चित चेहरे के रूप में लिया जाता है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, उनका नाम कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। बताया जाता है कि उनके खिलाफ दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज रहे हैं। हालांकि कई मामलों में उन्हें राहत मिल चुकी है, कुछ मामलों में जमानत पर बाहर होने की भी बात सामने आती रही है।
आर्थिक अपराध इकाई की कार्रवाई को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं। जांच एजेंसी किन बिंदुओं को लेकर पड़ताल कर रही है, इसका पूरा खुलासा अभी सामने नहीं आया है। लेकिन छापेमारी के बाद जमुई की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। सियासी गलियारों में इस कार्रवाई को बड़े घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है। जांच की दिशा और बरामदगी के आधार पर आने वाले दिनों में तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है। फिलहाल ईओयू की कार्रवाई ने सिकंदरा से लेकर जमुई तक सनसनी फैला दी है।
रिपोर्ट -सुमित कुमार सिंह