Bihar Crime: कोचिंग के बाद घूमने निकले प्रेमी-प्रेमिका को घेरकर छेड़खानी, मनचलों की बदसलूकी का वीडियो मचा रहा बवाल, पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर दर्ज की FIR
Bihar Crime:बिहार में समाज के कुछ कथित ठेकेदारों ने आतंक मचा रखा है। ...
Bihar Crime:बिहार में समाज के कुछ मनचलों ने आतंक मचा रखा है। ताजा मामला जमुई जिलेका है जहां प्रेमी-प्रेमिका के साथ कथित छेड़खानी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो जमुई सदर थाना क्षेत्र से सटे लखीसराय-जमुई बॉर्डर के सोनाई मड़वा इलाके का बताया जा रहा है। घटना 19 सितंबर की शाम की बताई गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रेमी-प्रेमिका कोचिंग के बाद स्कूटी से घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान सोनाई मड़वा इलाके में कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने दोनों के साथ छेड़खानी की। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और शहर में इसकी चर्चा तेज हो गई।

वायरल वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान शुरुआत में स्पष्ट नहीं हो सकी थी। हालांकि, मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो और अन्य सामग्री के आधार पर जांच शुरू की।
जमुई के जिलाधिकारी और जिला पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, घटना उनके संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने उपलब्ध सामग्री के आधार पर अनुसंधान किया। पुलिस ने पीड़ितों की पहचान कर ली है। अधिकारियों के अनुसार, घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को पहले कोई शिकायत नहीं मिली थी। इसके बावजूद वायरल सामग्री के आधार पर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की है।पुलिस के अनुसार, वीडियो में शामिल आरोपितों को भी चिन्हित कर लिया गया है और उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- सुमित कुमार