Jamui Incident: पहाड़ी की खामोशी टूटी तो चारों तरफ था खौफ... 20 मिनट तक छात्रा को घेरे रही भीड़, तस्कर नंदन यादव ने हैवानियत के दिन पी थी शराब

कोचिंग की छुट्टी के बाद एक छात्र और छात्रा स्कूटी से यहां पहुंचे थे। उन्हें क्या मालूम था कि कुछ ही देर बाद यही सुनसान रास्ता उनके लिए खौफ का ऐसा मंजर बन जाएगा, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होकर पूरे बिहार हीं नहीं देश को झकझोर देंगी।...

Jamui Hill Horror Girl Surrounded by Mob Videos Go Viral
... 20 मिनट तक छात्रा को घेरे रही भीड़- फोटो : Hiresh Kumar

Jamui Incident: शाम ढल रही थी। पहाड़ी रास्ते पर सन्नाटा पसरा था। दोनों तरफ गांव, बीच में घाटियों को चीरती सड़क और दूर-दूर तक पसरी वीरानी। कोचिंग की छुट्टी के बाद एक छात्र और छात्रा स्कूटी से यहां पहुंचे थे। उन्हें क्या मालूम था कि कुछ ही देर बाद यही सुनसान रास्ता उनके लिए खौफ का ऐसा मंजर बन जाएगा, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होकर पूरे बिहार हीं नहीं देश को झकझोर देंगी।

करीब आधे घंटे की ड्राइव के बाद दोनों पहाड़ी इलाके में पहुंचे। सड़क किनारे स्कूटी खड़ी की और घाटी के ऊंचे टीले पर बैठ गए। तभी कुछ नाबालिग लड़के वहां पहुंचे। कमेंट किए गए, लेकिन दोनों ने नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद कुछ और युवक वहां आने लगे। निगाहें गड़ने लगीं। मोबाइल निकलने लगे। किसी को फोन किया जाने लगा।

तभी दोनों को अनहोनी की आहट महसूस हुई। वे उठे और जाने लगे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। कुछ युवक स्कूटी के पास पहुंचकर उस पर बैठ गए। लड़की के पास मोबाइल नहीं था। छात्र ने मदद के लिए फोन निकालना चाहा, मगर झटके से उसका फोन छीन लिया गया। देखते ही देखते वहां युवकों की तादाद बढ़ती गई। कुछ ही देर में 20-25 लोग जमा होने की बात सामने आई।फिर शुरू हुआ डर और दबाव का वह सिलसिला, जिसने पूरी इंसानियत को कटघरे में खड़ा कर दिया।

आरोप है कि भीड़ ने छात्रा को घेर लिया। उससे नाम और घर का पता पूछा गया। उसके साथ अभद्रता की गई। छात्र को उससे अलग कर दिया गया। लड़की चारों तरफ से घिरी थी और मदद की कोई राह नजर नहीं आ रही थी।

वीडियो में भीड़ के बीच से आवाजें आती हैं—“शादी कराओ... शादी कराओ... इसको मंदिर लेकर चलो।” लड़की गिड़गिड़ाती रही वह और छात्र एक ही स्कूल और एक ही कक्षा के दोस्त हैं। वह बार-बार माफी मांगती रही और छोड़ देने की गुहार करती रही। लेकिन आरोप है कि भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने उसकी एक न सुनी। उसके साथ बदसलूकी की गई और उसे सड़क पर घसीटे जाने की बात भी सामने आई।

कुछ युवक बीच-बचाव के लिए आगे आए। लड़की को छुड़ाने की कोशिश हुई। लेकिन थोड़ी देर बाद फिर कुछ लोग उसे पकड़ लेते हैं। वीडियो में बार-बार यही अफरातफरी दिखाई देती है कुछ लोग लड़की को घेरे हुए हैं, कुछ उसे पकड़ रहे हैं और कुछ उसे बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं।

पूरा घटनाक्रम करीब 20 मिनट तक चलने की बात सामने आई है। इस दौरान बनाए गए वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुए। एक वीडियो करीब एक मिनट दो सेकंड और दूसरा करीब 35 सेकंड का बताया जा रहा है।

मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। प्रशासन ने घटना का स्वत संज्ञान लेकर केस दर्ज किया। डीएम नवीन कुमार और एसपी विश्वजीत ने कड़ा आदेश जारी करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए।  एसआईटी गठित की गई और वीडियो फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान शुरू हुई। पुलिस के अनुसार, कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।

पुलिस ने मुख्य आरोपियों में हरेराम यादव और नंदन यादव के नाम सामने आने की बात कही है। पुलिस के मुताबिक, नंदन को पकड़ने के दौरान जंगल में मुठभेड़ हुई और जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। हरेराम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को नंदन के ठिकाने की जानकारी मिलने का दावा किया गया है।अश्लील हरकत का मुख्य आरोपी नंदन यादव और उसका साथी हरेराम यादव शराब की तस्करी और अवैध बालू खनन के धंधे में संलिप्त रहा हैं। कथित तौर पर इनका शराब का कारोबार चलता है। इसके अलावा प्रतापपुर घाट से इन दोनों का अवैध बालू का कारोबार चल रहा था। दोनों आरोपी ने शराब और अवैध बालू के कारोबार से इन दिनों अच्छा-खासा रुपया कमाया था।कथित तौर पर छात्र-छात्रा से दरिंदगी के दौरान दोनों शराब के नशे में थे।

जमुई जिला विधिज्ञ संघ ने घटना की निंदा करते हुए आरोपितों की पैरवी नहीं करने की बात कही है। पुलिस अब वायरल वीडियो, आरोपितों के आपराधिक इतिहास और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

एक सुनसान पहाड़ी, कुछ मिनटों की लापरवाही और भीड़ का बढ़ता दुस्साहस इस घटना ने सिर्फ कानून-व्यवस्था ही नहीं, बल्कि समाज की संवेदनशीलता पर भी तल्ख सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- हीरेश कुमार