Bihar Crime: जहानाबाद में युवक को अपराधियों ने मारी तीन गोलियां, ताबड़तोड़ फायरिंग से मचा हड़कंप

Bihar Crime: एक युवक को अपराधियों ने तीन गोली मार दी है....

Jehanabad Three Bullets Fired at Man Critical
ताबड़तोड़ फायरिंग से मचा हड़कंप- फोटो : social Media

Bihar Crime: जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र में गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रघुनाथपुर गांव स्थित चिमनी के पास रंजीत मांझी को पिस्तौल से तीन गोलियां मारे जाने की सूचना है। गोली लगने से रंजीत मांझी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।

बताया जा रहा है कि गोली लगने के बाद घायल रंजीत मांझी को आनन-फानन में इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल लाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी हालत को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। परिजन घायल को लेकर पटना रवाना हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी हरकत में आई और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। हालांकि, अब तक गोलीबारी की वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। गोली किसने चलाई और हमलावरों की संख्या कितनी थी, इसे लेकर भी फिलहाल आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस घटना के तमाम पहलुओं की छानबीन कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही वारदात की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों के बारे में स्थिति साफ हो सकेगी।रघुनाथपुर गांव में चिमनी के पास हुई इस गोलीबारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और घायल रंजीत मांझी की चिकित्सकीय स्थिति पर नजर बनी हुई है।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार