Bihar Crime:पूर्ण शराबबंदी के बीच 80 लाख का दारु जब्त, बिहार में शराब तस्करी पर बड़ा शिकंजा
Bihar Crime: पूर्ण शराबबंदी के बीच अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।...
Bihar Crime: पूर्ण शराबबंदी के बीच अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर चेक पोस्ट पर की गई कार्रवाई में चंडीगढ़ से सुपौल जा रहे मिनी कंटेनर ट्रक से 5,310 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कंटेनर चालक को भी गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि मिनी कंटेनर के जरिए शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है। इसके बाद टीम ने चेक पोस्ट पर वाहनों की निगरानी तेज कर दी। इसी क्रम में संदिग्ध मिनी कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक के भीतर छिपाकर रखी गई 592 पेटियां बरामद हुईं। जांच के बाद इनमें कुल 5,310 लीटर अवैध शराब होने की पुष्टि हुई।
कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरियाणा के चरखी दादरी जिले के चरखी गांव निवासी 28 वर्षीय अक्षय कुमार, पिता मनेश, के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग ने शराब के साथ कंटेनर ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
चेक पोस्ट उत्पाद प्रभारी संतोष श्रीवास्तव के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि शराब की खेप चंडीगढ़ से लोड की गई थी और इसे सुपौल पहुंचाया जाना था। हालांकि, तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी तफ्तीश की जा रही है।
पुलिस अब शराब की इस बड़ी खेप के पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क और कथित सरगनाओं का पता लगाने में जुटी है। जांच का दायरा सुपौल से लेकर हरियाणा और चंडीगढ़ तक बढ़ाया जा सकता है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप किसके इशारे पर मंगाई गई थी और सुपौल में इसकी डिलीवरी किसे होनी थी।शराब और वाहन को जब्त करने के बाद गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, शराबबंदी को प्रभावी बनाए रखने के लिए सीमावर्ती इलाकों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी और सघन की जा रही है।
रिपोर्ट- देव तिवारी