Bihar Crime: जेल से छूटा तो कट्टा लेकर प्रेमिका के घर पहुंचा सिरफिरा, पूरे परिवार को मारने की थी साजिश

Bihar Crime: एक सिरफिरे आशिक के खूनी मंसूबे को पुलिस ने ऐन वक्त पर नाकाम कर दिया।

Kaimur Lover With Loaded Gun Held Before Killing Girlfriend
कट्टा लेकर प्रेमिका के घर पहुंचा सिरफिरा- फोटो : AI

Bihar Crime: कैमूर जिले में एक सिरफिरे आशिक के खूनी मंसूबे को पुलिस ने ऐन वक्त पर नाकाम कर दिया। प्रेमिका को भगाने के आरोप में जेल जा चुका 19 वर्षीय युवक जमानत पर बाहर आते ही लोडेड कट्टा और गोली लेकर प्रेमिका के घर पहुंच गया। आरोप है कि वह प्रेमिका और उसके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की नीयत से वहां पहुंचा था। परिवार वालों की सूझबूझ और समय पर पुलिस को दी गई सूचना से बड़ी वारदात टल गई।

मामला चांद थाना क्षेत्र के एक गांव का है। शनिवार की देर शाम उसी गांव का रहने वाला सत्यम कुमार कथित तौर पर हथियार लेकर प्रेमिका के घर में घुस गया और परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी देने लगा। अचानक हथियार लेकर पहुंचे युवक को देखकर घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तत्काल पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सत्यम को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में सत्यम ने अपने प्रेम प्रसंग से जुड़ी पूरी कहानी बताई। उसके मुताबिक वह कुछ माह पहले प्रेमिका को लेकर फरार हो गया था। इसके बाद युवती के परिजनों ने शादी की नीयत से अगवा करने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस की दबिश बढ़ने पर उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। बाद में उसकी प्रेमिका ने अदालत में उसके खिलाफ बयान दिया, जिसके बाद उसे जेल जाना पड़ा।

जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद सत्यम कथित तौर पर प्रेमिका से नाराज था। उसने पुलिस को बताया कि प्रेमिका उससे प्रेम नहीं करती और उसकी ‘बेवफाई’ का बदला लेना चाहता था। इसी गुस्से में वह हथियार लेकर उसके घर पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक उसका इरादा युवती के परिवार के सभी सदस्यों को खत्म करने का था।

थानाध्यक्ष हरि प्रसाद शर्मा ने बताया कि समय पर सूचना मिलने और त्वरित कार्रवाई से बड़ी घटना टल गई। मामले में एसआई संजय कुमार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को दोबारा जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बक्सर के राजपुर थाना क्षेत्र की उस घटना का भी जिक्र किया, जहां वरमाला के दौरान एक सिरफिरा आशिक स्टेज पर चढ़ गया था और युवती की गोली मारकर हत्या कर दी थी। कैमूर में पुलिस की तत्परता से ऐसी किसी खूनी वारदात से पहले ही आरोपी को दबोच लिया गया।