Bihar Crime: बच्चा चोर की अफवाह से हड़कंप, रात में लाठी-टोर्च लेकर खेतों में उतरे लोग, सरसों की फसल रौंदी

Bihar Crime: बिहार में देर रात अफवाह की एक चिंगारी ने ऐसा शोला पकड़ा कि पूरा इलाका दहशत की गिरफ़्त में आ गया।..../

Katihar Child Lifter Rumor Sparks Panic Fields Trampled
बच्चा चोर की अफवाह से हड़कंप- फोटो : reporter

Bihar Crime: बच्चा चोर की खबर जंगल की आग की तरह फैली और देखते ही देखते दास टोला से उठी फुसफुसाहट मुस्लिम टोला और दुर्गा स्थान तक पहुंच गई। तीन गांवों के लोग नींद छोड़कर घरों से बाहर निकल आए। हाथों में लाठी-डंडा, टॉर्च की तेज़ रोशनी और चेहरों पर खौफ़ साफ़ झलक रहा था। कटिहार ज़िले के डण्डखोरा थाना क्षेत्र में देर रात अफ़वाह की एक चिंगारी ने ऐसा शोला पकड़ा कि पूरा इलाका दहशत की गिरफ़्त में आ गया। 

बताया जा रहा है कि किसी ने बच्चा चोरी की आशंका जताई, फिर क्या था—लोगों ने बिना तस्दीक किए सरसों के खेतों की घेराबंदी कर दी। रात के सन्नाटे में टॉर्च की किरणें खेतों में दौड़ती रहीं और सैकड़ों कदमों ने हरी-भरी फसल को रौंद डाला। हर सरसराहट पर शक, हर परछाईं पर हमला करने का अंदेशा माहौल पूरी तरह सनसनीखेज हो गया।

मगर हकीकत यह रही कि घंटों की तलाश के बावजूद कोई संदिग्ध शख्स हाथ नहीं लगा। न कोई बच्चा चोर मिला, न कोई आपराधिक सुराग। अफ़वाह का गुबार बैठा तो लोगों को एहसास हुआ कि जिस खतरे के डर से वे निकले थे, वह सिर्फ़ वहम निकला। लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था सरसों की फसल भारी मात्रा में तबाह हो गई।

गांव के कुछ बुजुर्गों ने माना कि सोशल मीडिया और आपसी कानाफूसी ने खौफ़ को और हवा दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ऐसी अफ़वाहें अक्सर असामाजिक तत्वों या शरारती अफ़वाहबाज़ों की देन होती हैं, जो अमन-चैन को बिगाड़ने का मंसूबा रखते हैं। थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी खबर पर यक़ीन करने से पहले उसकी पुष्टि करें और कानून को अपने हाथ में न लें।

फिलहाल इलाके में हालात काबू में हैं, मगर इस वाकये ने यह साबित कर दिया कि अफ़वाह का जाल कितना खतरनाक हो सकता है। एक झूठी खबर ने रातोंरात दहशत फैलाई, गांवों की नींद उड़ाई और किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह