पुलिस हिरासत में मौत से भड़का गुस्सा,लोगों ने थाने का किया घेराव, उग्र तेवर देख भाग गई पुलिस

Bihar custodial Death: बिहार मे पुलिस हिरासत में युवक की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को सुलगा दिया है। ....

Katihar Custody death sparks
पुलिस पर संगीन इल्ज़ाम- फोटो : reporter

Bihar custodial Death: पुलिस हिरासत में युवक की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को सुलगा दिया है। हालात ऐसे बन गए कि गुस्साई भीड़ ने फलका बाजार बंद करा दिया, जगह-जगह आगजनी और सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया।कटिहार के फलका थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

परिजनों का इल्ज़ाम बेहद गंभीर है। उनका कहना है कि तीन दिन पहले पुलिस ने कैलू को स्मैक बेचने और सेवन के आरोप में उठाया था। लेकिन हिरासत में पूछताछ के नाम पर जो कुछ हुआ, उसने एक जवान ज़िंदगी छीन ली। परिवार का दावा है कि पुलिस ने बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार अंदरूनी चोटों ने उसकी जान ले ली 

जैसे ही मौत की खबर गांव-गांव पहुंची, लोगों का सब्र टूट गया। सैकड़ों की तादाद में ग्रामीण और परिजन सड़कों पर उतर आए। बाजार बंद, टायर जलाकर विरोध, और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी हर तरफ गुस्से का गुबार फूट पड़ा। हालात इतने बिगड़े कि भीड़ को शांत कराने पहुंची पुलिस टीम को ही पीछे हटना पड़ा।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, लेकिन इस मौत के रहस्य ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्या हिरासत में कानून का पालन हुआ या फिर जबर का खेल चला? क्या यह मौत महज़ इत्तेफाक है या किसी साजिश का नतीजा?

इलाके में तनाव अभी भी बरकरार है और लोग इंसाफ की मांग पर अड़े हैं। प्रशासन के लिए यह मामला अग्निपरीक्षा बन गया है क्योंकि अगर सच सामने नहीं आया, तो यह चिंगारी बड़ा बवाल खड़ा कर सकती है। फिलहाल, हर नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैक्योंकि इस खामोश मौत के पीछे की सच्चाई ही तय करेगी कि यह हादसा था या हिरासत का काला सच।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह