Bihar Crime: जमुई कांड के बाद तेजाब कांड से दहला बिहार, खिड़की से सो रही लड़की पर एसिड फेंक कर फरार हुआ शैतान, हालत गंभीर

Bihar Crime:घर में सो रही लड़की पर खिड़की से ज्वलनशील तरल पदार्थ फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।....

Katihar Girl Burnt After Flammable Liquid Thrown Through Win
तेजाब कांड से दहला बिहार- फोटो : reporter

Bihar Crime:कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड के सालमारी थाना क्षेत्र में घर में सो रही 12 वर्षीय बच्ची पर खिड़की से ज्वलनशील तरल पदार्थ फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना हरलगा गांव की है। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे उसके पिता का हाथ भी पदार्थ के संपर्क में आने से झुलस गया। स्थानीय लोगों ने एसिड अटैक की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस ने अभी फेंके गए पदार्थ की प्रकृति की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के अनुसार, हरलगा गांव निवासी अशरफुल हक की 12 वर्षीय पुत्री सोमवार देर रात अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर खिड़की के रास्ते कोई तीव्र ज्वलनशील तरल पदार्थ बच्ची पर फेंक दिया। पदार्थ शरीर पर पड़ते ही बच्ची दर्द और जलन से चीखने लगी। आवाज सुनकर पिता कमरे में पहुंचे। बच्ची को संभालने के दौरान पदार्थ के संपर्क में आने से उनके हाथ पर भी जलने के निशान बताए गए हैं।

परिजन तत्काल बच्ची को बारसोई अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सालमारी थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची पर आखिर कौन-सा पदार्थ फेंका गया और वारदात के पीछे किसकी भूमिका है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

समाजसेवी साहिर सरवर ने घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस-प्रशासन से मामले की त्वरित तफ्तीश कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बताया जा रहा है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह