Bihar Crime: बंद घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात चोरी, 12 लाख का उड़ा ले गए चोर

Bihar Crime: बिहार के कटिहार में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।...

Katihar Jewellery
लाखों के जेवरात चोरी- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार के कटिहार में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस वारदात में करीब 10 से 12 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना नगर थाना क्षेत्र के शांति टोला फसिया, वार्ड नंबर 44 की है। चोरी की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं, पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, यह मकान कपिल देव राम का है। वे कुर्सेला में बीसीओ यानी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी के पद पर कार्यरत थे। हाल ही में हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार के सदस्य पूर्णिया जिले के रूपौली में क्रिया-कर्म से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घर में किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्यों की गैरमौजूदगी में चोर मकान पर पहुंचे और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद घर के कमरों और अलमारियों को खंगालते हुए सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए। चोरी किए गए आभूषणों की अनुमानित कीमत 10 से 12 लाख रुपये बताई जा रही है।

परिवार के सदस्य जब वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद चोरी की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस चोरी गए सामान और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह