Bihar Crime: होली से पहले ट्रेन बनी तस्करी का अड्डा, जनरल बोगी के नीचे से निकली शराब की बड़ी खेप

Bihar Crime: जैसे-जैसे होली का रंग चढ़ रहा है, वैसे-वैसे शराब तस्करों की साजिशें भी गहराती जा रही हैं।...

Katihar Liquor Haul Found Under Train Coach Before Holi
होली से पहले ट्रेन बनी तस्करी का अड्डा- फोटो : reporter

Bihar Crime: जैसे-जैसे होली का रंग चढ़ रहा है, वैसे-वैसे शराब तस्करों की साजिशें भी गहराती जा रही हैं। बंदिशों के बावजूद मुनाफे की हवस में डूबे तस्कर नए-नए हथकंडे इख्तियार कर रहे हैं। इसी सिलसिले में कटिहार जंक्शन से एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है, जिसने कानून के रखवालों को भी चौकन्ना कर दिया।

सूत्रों के मुताबिक बंगाल से आने वाली मशहूर हाटे बाजारे एक्सप्रेस के जनरल बोगी के नीचे शराब की बड़ी खेप छुपाकर लाई जा रही थी। तस्करों ने ऐसा जाल बुना कि पहली नजर में किसी को शक न हो, लेकिन मुखबिर की इत्तिला पर उत्पाद विभाग और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने दबिश दी।

जॉइंट रेड के दौरान जब ट्रेन के जनरल डिब्बे के नीचे बारीकी से तलाशी ली गई तो वहां छुपाकर रखी गई शराब की खेप बरामद हुई। इस कार्रवाई में 95.640 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। वहीं दो अन्य मामलों में कुल मिलाकर 112 लीटर शराब कब्जे में ली गई है। बरामदगी के बाद तस्करी के इस अनोखे तरीके की चर्चा पूरे रेल मंडल में तेज हो गई है।

उत्पाद अधीक्षक ने दो टूक कहा कि तस्कर चाहे जितनी चालाकी दिखा लें, कानून की नजर से बच पाना नामुमकिन है। उन्होंने साफ कर दिया कि त्योहार के मद्देनजर निगरानी और सख्त की जाएगी और लगातार जॉइंट रेड चलती रहेगी।

होली के मौके पर शराब की अवैध सप्लाई रोकने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है, लेकिन तस्करों की जुर्रत भी कम नहीं। सवाल यह है कि क्या ये शातिर गिरोह अब कोई और नया पैंतरा आजमाएंगे? फिलहाल कटिहार जंक्शन पर कानून की सख्ती ने साफ संदेश दे दिया है होली के रंग में जहर घोलने वालों पर शिकंजा कसता रहेगा।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह