पुलिस ने अपराधी को दौड़ा कर मारी गोली,खाकी पर हाथ डालने वाले बदमाश के पैर में लगी गोली, सरकारी पिस्टल बरामद

Bihar Crime: बिहार में कानून के इकबाल को चुनौती देने वाले जरायम की दुनिया के आकाओं को हुकूमत ने एक बार फिर कड़ा और सीधा पैगाम दिया है। ...

Khagaria Encounter Police Shoot Accused Under Operation Lang
पुलिस ने अपराधी को दौड़ा कर मारी गोली- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में कानून के इकबाल को चुनौती देने वाले जरायम की दुनिया के आकाओं को हुकूमत ने एक बार फिर कड़ा और सीधा पैगाम दिया है। खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में  देर रात पुलिस और बेखौफ़ अपराधियों के बीच हुई आमने-सामने की मुठभेड़ में पुलिसिया हंटर का करारा प्रहार देखने को मिला। 'ऑपरेशन लंगड़ा' के तहत खाकी ने अपनी मुस्तैदी का प्रदर्शन करते हुए एक शातिर बदमाश को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।

सियासी गलियारों में कानून-व्यवस्था को लेकर जारी तीखी बहसों के बीच यह कार्रवाई प्रशासनिक हनक को साफ़ बयां करती है। मामला उस वक़्त संगीन हो गया जब बेलदौर-कुर्बान कचरा भवन के पास रूटीन चेकिंग के दौरान तीन संदिग्धों ने न सिर्फ पुलिसिया अमले के साथ बदसलूकी की, बल्कि एक सिपाही की सरकारी पिस्टल और मोबाइल फोन छीनकर 'नौ दो ग्यारह' हो गए। खाकी की अस्मत पर हुए इस हमले से महकमे में खलबली मच गई और एसपी भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ गोगरी व डीआईयू की संयुक्त टीम ने पूरे इलाक़े की नाकेबंदी कर दी।

मुस्तैद पुलिसिया जाल में मुख्य आरोपी अखिलेश कुमार (निवासी कुर्बान) रात में ही दबोच लिया गया। लेकिन असली 'हाई-वोल्टेज ड्रामा' तब शुरू हुआ जब गिरफ्त में आने के बावजूद इस दुस्साहसी अपराधी ने दोबारा पुलिस अभिरक्षा से भागने और हमला करने की हिमाक़त की। पुलिस की तरफ़ से मिली आत्मसमर्पण की मुकम्मल हिदायत (चेतावनी) को दरकिनार करना आरोपी को भारी पड़ गया। जवाबी कार्रवाई में खाकी की 'इंसाफ़िया गोली' सीधे बदमाश के पैर पर जाकर लगी।

घायल आरोपी को फौरन अस्पताल में दाखिल कराया गया है और उसके पास से लूटी गई सरकारी पिस्टल व मोबाइल बरामद कर पुलिस ने राहत की सांस ली है। इस एनकाउंटर ने साफ़ कर दिया है कि सूबे में कानून से खिलवाड़ करने वालों का अंजाम बेहद तल्ख़ होगा। फिलहाल, फ़रार चल रहे दो अन्य गुर्गों की धरपकड़ के लिए पुलिसिया अमला लगातार ख़ाक छान रहा है।

रिपोर्ट- अमित कुमार