Bihar Crime:फोरलेन के बेस कैंप में अपराधियों का धावा, सुरक्षाकर्मी को मारी गोली, चोरी रोकने पर बदमाशों ने किया फायर

Bihar Crime:अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए बेस कैंप की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी को गोली मार दी।...

Khagaria Four Lane Site Guard Shot
फोरलेन के बेस कैंप में अपराधियों का धावा- फोटो : reporter

Khagaria: अगवानी-सुल्तानगंज फोरलेन निर्माण स्थल पर देर रात अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए बेस कैंप की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी को गोली मार दी। चोरी की कथित कोशिश का विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें गोली सुरक्षाकर्मी के पैर को चीरते हुए आर-पार निकल गई। गोली चलने के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

घायल सुरक्षाकर्मी की पहचान पंजाब के तरनतारन निवासी करीब 56 वर्षीय मस्सा सिंह, पिता सोहन सिंह के रूप में हुई है। वह एसपी सिंगला निर्माण कंपनी के तहत काम कर रही जीवी कंस्ट्रक्शन एजेंसी के बेस कैंप की सुरक्षा में तैनात थे।

रात के अंधेरे में कैंप में घुसे दो संदिग्ध

घायल मस्सा सिंह के मुताबिक, देर रात करीब 1:30 बजे वह निर्माणाधीन टोल प्लाजा के समीप स्थित बेस कैंप की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें दो संदिग्ध युवक चोरी की नीयत से कैंप में घुसते दिखाई दिएुरक्षाकर्मी ने दोनों को देखकर शोर मचाया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली मस्सा सिंह के पैर में लगी और आर-पार निकल गई। गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़े। वारदात के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए।

घायल को अस्पताल में कराया गया भर्ती

गोली चलने की आवाज और घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल सुरक्षाकर्मी को तत्काल परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें खगड़िया सदर अस्पताल रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल सुरक्षाकर्मी के साथ-साथ मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की।

फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की विभिन्न बिंदुओं से जांच की जा रही है। घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया गया है और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाने के साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।

सिर्फ चोरी या कोई बड़ी साजिश?

वारदात के बाद फोरलेन निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या दोनों युवकों का मकसद सिर्फ चोरी करना था या निर्माण स्थल को निशाना बनाने के पीछे कोई और वजह भी थी।फिलहाल दो अज्ञात हमलावर फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। निर्माणाधीन फोरलेन साइट पर हथियार के साथ घुसकर सुरक्षाकर्मी पर गोली चलाने की घटना ने इलाके में दहशत जरूर पैदा कर दी है।

रिपोर्ट- अमित कुमार