Bihar Crime:खगड़िया में मासूम सृष्टि के लापता होने का सनसनीखेज मामला, पुलिस और परिजन दो दिन से खोजबीन में जुटे, संदिग्ध महिला की स्केच जारी

Bihar Crime: दो दिनों से बच्ची का कोई पता नहीं चलने से परिजन और गांववासी गंभीर चिंता में हैं।..

Khagaria Shock Missing Girl Srishti Suspect Woman Sketch Rel
संदिग्ध महिला की स्केच जारी- फोटो : reporter

Bihar Crime: खगड़िया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रहीमपुर उत्तरी पंचायत अंतर्गत पचखुट्टी गांव में चार वर्षीय बच्ची सृष्टि कुमारी के अचानक लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बच्ची, जो गांव निवासी अभिषेक कुमार उर्फ बच्चन की पुत्री है, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर के सामने खेल रही थी, तभी वह अचानक लापता हो गई।

दो दिनों से बच्ची का कोई पता नहीं चलने से परिजन और गांववासी गंभीर चिंता में हैं। बच्ची की मां और परिवार के अन्य सदस्य रो-रोकर बुरी तरह टूट चुके हैं, जबकि पिता अपने हाथों में बच्ची की फोटो लिए गांव-गांव भटक रहे हैं। रिश्तेदार और ग्रामीण भी अलग-अलग टीम बनाकर खोज अभियान में जुटे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार स्वयं पचखुट्टी गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर बच्ची के लापता होने के हर पहलू की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए। एसपी ने जिले के सभी थानाध्यक्षों और पुलिस पदाधिकारियों को बच्ची की तलाश में सक्रिय रहने का निर्देश दिया।

पुलिस ने मुफस्सिल थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर तुरंत खोज अभियान तेज कर दिया। डीएसपी और अन्य पुलिस अधिकारी लगातार छापेमारी और पूछताछ कर रहे हैं। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से बच्ची का फोटो वायरल कर आम लोगों से मदद की अपील की गई है।

प्रशासन ने इस मामले में एक संदिग्ध महिला का स्केच फोटो भी जारी किया है। पुलिस का मानना है कि संदिग्ध महिला की गिरफ्तारी सीधे तौर पर बच्ची की बरामदगी में निर्णायक हो सकती है।

जिले के लोग, परिजन और ग्रामीण मासूम सृष्टि के सकुशल लौटने की दुआ कर रहे हैं, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी किसी सुराग के न मिलने से परिजनों की बेचैनी और भय बढ़ता जा रहा है। प्रशासन और खाकी की सतर्कता के बीच अब हर निगाह इस संभावित अपराधी और मासूम सृष्टि की खोज पर टिकी हुई है।

रिपोर्ट- अमित कुमार