Lucknow Kakori double murder: लखनऊ में डबल मर्डर से मचा हड़कंप! लव अफेयर के चक्कर में दो दोस्तों की गई जान, सिपाही समेत वाइफ को पुलिस ने किया गिरफ्तार
लखनऊ के काकोरी में प्रेम प्रसंग के चलते दो लोगों की चाकू से बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी सिपाही और उसकी पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानें पूरी घटना की जानकारी।

Lucknow Kakori double murder: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी इलाके में एक दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड सामने आया है, जिसमें प्रेम प्रसंग के चलते दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में सिपाही महेंद्र कुमार और उसकी पत्नी दीपिका को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का विवरण
जानकारी के मुताबिक, आरोपी महेंद्र कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही है और इस समय लखीमपुर जिले में तैनात है। महेंद्र की शादी 2018 में दीपिका से हुई थी, लेकिन शादी के बाद भी दीपिका का अपने पुराने प्रेमी मनोज से संबंध बना रहा। महेंद्र को जब इस प्रेम संबंध के बारे में पता चला, तो उसने अपनी पत्नी से प्रेमी के पास जाने को कहा, लेकिन दीपिका ने मना कर दिया।
महेंद्र ने दीपिका से अपने प्रेमी को मिलने के लिए बुलाने को कहा, जिसके बाद मनोज अपने एक दोस्त के साथ दीपिका से मिलने के लिए पहुंचा। महेंद्र ने पहले से ही घात लगाकर बैठा था और जैसे ही मनोज और उसका दोस्त वहां पहुंचे, महेंद्र ने दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और क्राइम सीन का मुआयना किया। दोनों युवक खून से लथपथ मिले, जिनमें से एक का गला और दूसरे की कलाई कटी हुई थी। घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से परिजनों को शांत कराया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया।
आरोपी सिपाही और पत्नी की गिरफ्तारी
पुलिस ने सिपाही महेंद्र कुमार और उसकी पत्नी दीपिका को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है, ताकि घटना की पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सके।