Bihar Crime: अब मंत्री के काफिले पर जानलेवा हमला, बाल बाल कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, पुलिस महकमे में मचा है हड़कंप, देखिए तस्वीर
Bihar Crime: बिहार में कानून-व्यवस्था और संगठित अपराध को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। इस बार निशाने पर कोई आम नागरिक नहीं, बल्कि मंत्री के काफिला पर हमला हुआ है।
Bihar Crime: बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सियासी और प्रशासनिक गलियारों में खलबली मच गई है। इस बार निशाने पर रहे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद। मधुबनी जिले के खजौली प्रखंड स्थित ठाहर गांव में मंत्री के काफिले पर हुए हमले ने पूरे सूबे में सनसनी फैला दी है। बांस-बल्ले, पत्थर और ईंटों से हुए इस हमले में मंत्री का वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि सुरक्षा कर्मियों की फुर्ती और मुस्तैदी की वजह से मंत्री बाल-बाल बच गए।

घटना रविवार की है, जब मंत्री अरुण शंकर प्रसाद गांव में शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर उन्हें तसल्ली देने पहुंचे थे। बताया जाता है कि जैसे ही उनका काफिला गांव में पहुंचा, अचानक माहौल गर्म हो गया। देखते ही देखते कुछ लोगों ने काफिले को घेर लिया और फिर पथराव शुरू हो गया। हमलावरों ने बांस-बल्लों से भी वाहनों को निशाना बनाया। इस हमले में मंत्री की गाड़ी का शीशा चकनाचूर हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का आलम बन गया।
वारदात की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में डीआईजी मनोज कुमार तिवारी, एसपी योगेंद्र कुमार और एसडीपीओ कामिनी कौशल समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके की घेराबंदी कर हालात को काबू में लिया। मंत्री को सुरक्षित निकालकर सीधे कलुआही थाना पहुंचाया गया, जहां उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बंद कमरे में लंबी बातचीत की।

मामले को और ज्यादा संगीन तब माना जाने लगा जब मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने इस हमले के पीछे शराब माफिया का हाथ होने का आरोप लगाया। मंत्री का दावा है कि शराब के अवैध कारोबार पर कार्रवाई और सख्ती के कारण माफिया गिरोह बौखलाया हुआ है और उसी के इशारे पर यह पूरी साजिश रची गई। मंत्री ने इसे सुनियोजित हमला बताते हुए कहा कि उपद्रवियों को किसी शक्तिशाली नेटवर्क का संरक्षण प्राप्त है।

मंत्री के इस बयान के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट मोड में आ गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि हमले में शामिल हर शख्स की पहचान कर उसे सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज, वीडियो क्लिप और स्थानीय इनपुट के आधार पर हमलावरों की शिनाख्त की जा रही है। इस वारदात ने बिहार की सियासत में नई बहस छेड़ दी है और अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

पटना से रंजीत कुमार की रिपोर्ट