पुलिस को बड़ी कामयाबी: जलालपुर कला डकैती कांड का खुलासा, लूट के सोने के साथ दो गिरफ्तार

Bihar Crime : गोपालगंज पुलिस ने जिले के जलालपुर कला में हुई चर्चित डकैती का कांड का खुलासा कर दिया है। वहीं इस मामले में पुलिस ने लूट के सोना के साथ दो अपरोपियों को गिरफ्तार किया है....

पुलिस को बड़ी कामयाबी: जलालपुर कला डकैती कांड का खुलासा, लूट
जलालपुर कला डकैती कांड के दो आरोपी गिरफ्तार- फोटो : नमो नारायण मिश्रा

Gopalganj : जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र स्थित जलालपुर कला गांव में हुई चर्चित डकैती का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। बीती 23-24 मार्च 2026 की रात रामाकांत प्रसाद के घर में पांच से छह हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर लाखों के जेवरात और नकदी लूट ली थी। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है।


छापेमारी में डकैत और सुनार गिरफ्तार; गलाया हुआ सोना बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले महम्मदपुर निलामी गांव निवासी मुकेश उर्फ भूटी नट को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया। मुकेश की निशानदेही पर पुलिस ने सीवान जिले के जामो बाजार में छापेमारी कर सुनार विजय कुमार सोनी को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने सुनार के पास से लूटे गए सोने को गलाकर बनाया गया गोलाकार और चपटा पदार्थ बरामद किया है। हालांकि, लूटी गई नकदी और शेष आभूषणों की बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं।


SIT के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

घटना के बाद सदर एसडीपीओ-2 और सिधवलिया थानाध्यक्ष सोमदेव झा के नेतृत्व में एक एसआईटी (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं का मिलान किया, जिससे अपराधियों के गिरोह तक पहुँचने में मदद मिली। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार अपराधियों से मिली जानकारी के आधार पर इस गिरोह के अन्य सदस्यों के ठिकानों का भी पता लगा लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा दिया गया है।


सदर एसडीपीओ ने दी जानकारी: जल्द सलाखों के पीछे होंगे अन्य अपराधी

सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि रामाकांत प्रसाद के नवनिर्मित घर में हुई डकैती एक गंभीर चुनौती थी। उन्होंने कहा, "हमने इस कांड में शामिल एक अपराधी और लूटे गए माल को ठिकाने लगाने वाले सुनार को गिरफ्तार कर लिया है। गलाया हुआ सोना जब्त किया जा चुका है और अनुसंधान सही दिशा में है।" उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांड में शामिल फरार अपराधियों को भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।


क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सख्त; पुलिस की सक्रियता से ग्रामीणों ने ली राहत

इस बड़ी डकैती के खुलासे और बरामदगी के बाद जलालपुर कला गांव और आसपास के क्षेत्रों में व्याप्त भय का माहौल कम हुआ है। पुलिस ने इलाके में गश्त तेज कर दी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस अन्य फरार अभियुक्तों के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है, क्योंकि डकैती के कुछ ही समय बाद गिरोह के मुख्य सूत्रों को पकड़ लिया गया है।


नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट