पटना के मनेर में दो पक्षों में खूनी झड़प, 8-10 राउंड फायरिंग में दो लोग घायल, रोड़ेबाजी और पथराव
जानकारी के अनुसार, मनेर में पूर्व के किसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद मारपीट के साथ रोड़ेबाजी शुरू हो गई।
Bihar News : पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के छिहत्तर गांव में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर हिंसक झड़प हो गई। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों की ओर से रोड़ेबाजी और पथराव किया गया। इसी दौरान करीब 8 से 10 राउंड गोलीबारी होने से इलाके में अफरातफरी मच गई। गोली के छर्रे लगने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना किता चौहत्तर पूर्वी पंचायत के छिहत्तर गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पूर्व के किसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद मारपीट के साथ रोड़ेबाजी शुरू हो गई। कुछ देर बाद दोनों ओर से फायरिंग की गई, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
गोलीबारी में घायल दोनों लोगों को तत्काल मनेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस गांव में कैंप कर रही है और दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट और करीब 8 से 10 राउंड गोलीबारी हुई है। गोली के छर्रे लगने से दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुमित की रिपोर्ट