हथियार के बल पर माइक्रो फाइनेंस कर्मी से लूट, बाइक और मोबाइल लेकर फरार हुए बदमाश

Bihar Crime : बिहार में अपराधियों के हौसले काफी बुलंद हो गए है। अपराधियों ने थाने से महज 3 किमी दूर एनएच-27 पर लूट की घटना को अंजाम दिया है। नकाबपोश अपराधियों ने कनपटी पर पिस्टल सटा एक कंपनी के कर्मी से बाइक समेत की सामान लूट लिए....

हथियार के बल पर माइक्रो फाइनेंस कर्मी से लूट, बाइक और मोबाइल

Supaul : जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने पुलिसिया गश्त को चुनौती देते हुए एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। एनएच-27 मुख्य मार्ग पर हथियारबंद बदमाशों ने एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मी को निशाना बनाया और उनसे बाइक, नकद रुपए तथा मोबाइल लूट लिए। पीड़ित की पहचान राघोपुर थाना क्षेत्र के हुलास (वार्ड 12) निवासी रामकुमार यादव के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त है और स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


काम से घर लौटने के दौरान हुआ हमला

पीड़ित रामकुमार यादव अररिया जिले के नरपतगंज स्थित 'आरोहन माइक्रो फाइनेंस कंपनी' में कार्यरत हैं। बुधवार शाम को अपना काम निपटाने के बाद वे अपनी पल्सर बाइक (बीआर 50 जेड 6944) से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे भीमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत थाने से लगभग तीन किलोमीटर पश्चिम एक सुनसान जगह पर पहुंचे, पीछे से आ रहे एक बाइक पर सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें जबरन रोक लिया।


कनपटी पर पिस्टल सटाकर की लूट

रामकुमार के रुकते ही अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और उनकी कनपटी पर पिस्टल सटा दी। दहशत में आए कर्मी के पास से बदमाशों ने ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और जेब में रखे एक हजार रुपए नकद छीन लिए। लूटपाट करने के बाद अपराधी उनकी पल्सर बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि सभी अपराधियों ने अपने चेहरे को गमछे से ढक रखा था, जिससे उनकी पहचान तत्काल संभव नहीं हो सकी।


डायल 112 और पुलिस की कार्रवाई

वारदात के तुरंत बाद पीड़ित ने घटना की जानकारी भीमपुर थाने की 'डायल 112' टीम को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर तलाशी शुरू की, लेकिन तब तक अपराधी दूर निकल चुके थे। इसके बाद पीड़ित ने भीमपुर थाने पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।


सीसीटीवी और संदिग्धों की तलाश

भीमपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है। पुलिस एनएच-27 पर लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों के भागने की दिशा और बाइक का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर इस तरह की लूट से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

विनय कुमार मिश्रा का रिपोर्ट