Bihar Crime: खाकी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, पुलिस को चकमा देकर भागीं दो महिला कैदी, मच गया हड़कंप, 8 घंटे बाद देर रात दबोची गईं

Bihar Crime: जेल भेजे जाने की प्रक्रिया के दौरान दो शातिर महिला कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गईं।

Motihari 2 women prisoners escape police recaptured in 8 hou
पुलिस को चकमा देकर भागीं दो महिला कैदी- फोटो : X

Bihar Crime:पुलिस टीम पर हमले के गंभीर आरोपों में जेल भेजे जाने की प्रक्रिया के दौरान दो शातिर महिला कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गईं।  मोतीहारी जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की पूरी पोल खुल गई। जेल भेजे जाने की प्रक्रिया के दौरान दो शातिर महिला कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गईं। यह वाकया हरसिद्धि के मटियारिया इलाके के पास उस समय पेश आया जब दोनों आरोपी महिलाओं को कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायिक हिरासत में ले जाया जा रहा था।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों महिला कैदी पहले से ही पुलिस टीम पर हमले के गंभीर आरोपों में बंद थीं और उन्हें अदालत में पेशी के बाद जेल भेजा जा रहा था। लेकिन रास्ते में अचानक हालात बिगड़ गए और दोनों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए मौके से रफूचक्कर हो गईं। इस वारदात के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, और खाकी विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस के साथ-साथ उच्च अधिकारी भी हरकत में आ गए। इलाके में नाकेबंदी कर दी गई, और चारों तरफ छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया। ग्रामीण इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया और संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली गई।

करीब 8 घंटे की कड़ी मशक्कत और लगातार चल रही तफ्तीश के बाद पुलिस ने देर रात दोनों फरार महिला कैदियों को फिर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच थाने लाया गया, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

इस पूरे वाकये ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर चर्चा गर्म है कि आखिर इतनी सख्ती के बावजूद कैदी कैसे फरार हो गईं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और लापरवाही की भी आंतरिक जांच की संभावना जताई जा रही है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार