Bihar ATM theft: थाने के नाक के नीचे 4 मिनट में कैश का कांड, ATM काटकर 37 लाख उड़ा ले गए शातिर, CCTV पर कैमिकल का खेल

Bihar ATM theft: चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए ऐसा दुस्साहसिक वारदात अंजाम दिया, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।...

Motihari ATM heist near police station 37 lakh stolen in 4 m
थाने से चंद कदम दूर बड़ी वारदात- फोटो : reporter

Bihar ATM theft:  चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए ऐसा दुस्साहसिक वारदात अंजाम दिया, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। बिहार के मोतिहारी के रघुनाथपुर थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित SBI के ATM को शातिरों ने महज 4 मिनट में काटकर करीब 37 लाख रुपये साफ कर दिए और फरार हो गए।

वारदात मंगलवार की देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जब 3-4 बदमाश सुनियोजित तरीके से ATM बूथ पर पहुंचे। CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि जैसे ही अपराधी पहुंचे, उन्होंने सबसे पहले कैमरों पर केमिकल स्प्रे कर दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद गैस कटर जैसे औजार से ATM मशीन को काटकर कैश को झोले में भर लिया और चंद मिनटों में फरार हो गए।

हैरानी की बात यह है कि यह पूरी वारदात थाने के बिल्कुल करीब हुई, फिर भी पुलिस को भनक तक नहीं लगी। घटना के तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं, जिससे लोगों में खौफ और नाराजगी दोनों बढ़ गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गश्ती में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारी और पूरी टीम को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही सदर DSP की अगुवाई में SIT का गठन किया गया है, जो वैज्ञानिक तरीके से जांच में जुटी है।

पुलिस का दावा है कि CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही इस हाई-प्रोफाइल चोरी का पर्दाफाश किया जाएगा। लेकिन फिलहाल इस वारदात ने यह साफ कर दिया है कि शातिर बदमाश अब कानून के डर से बेखौफ हो चुके हैं और पुलिस की नाक के नीचे ही बड़े ‘हिट’ को अंजाम दे रहे हैं।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार