Bihar Crime: बिहार में मालदार फाइल की महफिल! होटल सिमरन में शराब पार्टी करते सिविल सर्जन कार्यालय के बड़ाबाबू अर्पण गिरफ्तार
Bihar Crime: कानून के साये में चल रही गुप्त महफिल पर पुलिस ने ऐसा धावा बोला कि रसूख की सारी हेकड़ी धरी रह गई।...
Bihar Crime: कानून के साये में चल रही गुप्त महफिल पर पुलिस ने ऐसा धावा बोला कि रसूख की सारी हेकड़ी धरी रह गई। मोतीहारी में रविवार रात सदर एसडीओ अरुण कुमार और प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत कुमार सिंह की अगुवाई में छापेमारी के दौरान शहर के चर्चित होटल सिमरन में सजी शराब पार्टी का पर्दाफाश हो गया। टेबल पर सजे मटन-चिकेन और शराब के पैग के बीच पांच हाई-प्रोफाइल चेहरे रंगे हाथों दबोचे गए।
गिरफ्तारों में सिविल सर्जन कार्यालय का चर्चित क्लर्क अर्पण उर्फ ‘बड़ाबाबू’, होटल मालिक और शहर का एक बड़ा हार्डवेयर कारोबारी शामिल है। पुलिस ने मौके से करीब 80 हजार रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन जब्त किए। सूत्रों के मुताबिक, पांच में से तीन लोगों की मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि हुई है।
छापे के वक्त कमरे का नज़ारा देखकर टीम दंग रह गई। बताया जाता है कि मालदार फाइलों की डील के शक पर भी जांच का दायरा बढ़ाया गया है। शहर में चर्चा है कि सीएस कार्यालय में बिना बड़ाबाबू की मर्जी कोई भारी-भरकम फाइल आगे नहीं बढ़ती। रसूख ऐसा कि कई पूर्व सीएस के चहेते रहे, यहां तक कि नेपाल यात्राओं की कानाफूसी भी सोशल मीडिया पर तैर रही है।
पुलिस के सामने पहुंचते ही कथित तौर पर बड़ाबाबू की अकड़ ढीली पड़ गई और हाथ जोड़कर गुहार लगाते दिखे। इधर प्रशासन साफ कर चुका है कानून से ऊपर कोई नहीं। होटल मालिक और क्लर्क से बरामद रकम के स्रोत, कॉल डिटेल्स और संभावित फाइल-डील की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। शहर में यह गिरफ्तारी जंगल की आग की तरह फैल गई है। अब सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ एक शराब पार्टी थी, या पर्दे के पीछे ‘मालदार फाइलों’ का बड़ा खेल? पुलिस कार्रवाई में जुटी है, और सियासी-प्रशासनिक गलियारों में सन्नाटा पसरा है।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार