Bihar News: नगर पंचायत के ईओ पर कार्रवाई की तलवार, डीएम ने विभाग को भेजी अनुशंसा

Bihar News: पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली नगर पंचायत में कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। ...

Motihari DM
ईओ पर कार्रवाई की तलवार- फोटो : reporter

Bihar News: पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली नगर पंचायत में कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने ईओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की है। इस सिलसिले में डीएम ने नगर विकास एवं आवास विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी को आधिकारिक पत्र भेजा है। जिला प्रशासन की इस पहल के बाद नगर पंचायत के सियासी और प्रशासनिक गलियारों में खलबली मची हुई है।

जानकारी के मुताबिक, सुगौली नगर पंचायत की मुख्य पार्षद नसरीन अली समेत अन्य पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी के खिलाफ कई अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी के समक्ष लिखित अभ्यावेदन प्रस्तुत किया था। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी  को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था।

इसके बाद सदर एसडीओ ने मामले की विस्तृत जांच की। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई है। एसडीओ ने अपने जांच प्रतिवेदन में इन गड़बड़ियों का उल्लेख करते हुए पत्रांक 1847, दिनांक 25 जुलाई के माध्यम से जिलाधिकारी को रिपोर्ट उपलब्ध कराई थी। जांच प्रतिवेदन में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए हैं।

इसी जांच रिपोर्ट को आधार बनाकर जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने 12 अक्टूबर को नगर विकास एवं आवास विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी को पत्र भेजा। पत्र के साथ जांच प्रतिवेदन संलग्न करते हुए संबंधित ईओ के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विभागीय कार्रवाई करने की अनुशंसा की गई है। अब सबकी निगाहें नगर विकास एवं आवास विभाग के अगले कदम पर टिकी हैं। विभागीय स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ने पर संबंधित अधिकारी की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

रिपोर्ट-हिमांशु कुमार