Bihar Police: गुपचुप बारात पर पुलिस का छापा, ग्रामीणों से झड़प में महिला दरोगा समेत तीन घायल, बड़े साहब ने दरोगा को किया सस्पेंड

महिला दरोगा नेहा वर्षा के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी करने पहुंची।लेकिन जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी के परिजन और ग्रामीण उग्र हो गए और टीम के साथ हाथापाई करने लगे। ...

Motihari Police raid wedding clash injures officer sub inspe
ग्रामीणों से झड़प में महिला दरोगा समेत तीन घायल- फोटो : reporter

Bihar Police: मोतिहारी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां यौन शोषण के आरोपी युवक की चोरी-छिपे दूसरी शादी की तैयारी पर पुलिस ने पानी फेर दिया। लेकिन यह कार्रवाई उस वक्त बवाल में बदल गई, जब आरोपी के परिजन और ग्रामीण पुलिस टीम से भिड़ गए। धक्का-मुक्की में एक महिला दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

मामला मधुबन थाना से जुड़ा है, जहां पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ कांड संख्या 146/26 दर्ज किया गया था। युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण सहित कई गंभीर आरोप लगे थे। पुलिस मोबाइल टॉवर लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश में जुटी थी और उसका सुराग पताही थाना क्षेत्र के बेतावना गांव में मिला।

सूचना के आधार पर महिला दरोगा नेहा वर्षा के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी करने पहुंची। बताया जा रहा है कि युवक अपने मामा के घर छिपकर पूरी तैयारी के साथ दूल्हा बन बारात निकालने ही वाला था, तभी पुलिस ने दबिश दे दी।

लेकिन जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी के परिजन और ग्रामीण उग्र हो गए और टीम के साथ हाथापाई करने लगे। अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया और धक्का-मुक्की में महिला दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब दो दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

इधर, इस पूरे मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने केस की अनुसंधानकर्ता (आईओ) नेहा वर्षा को निलंबित कर दिया है। जांच में सामने आया कि बिना पर्याप्त पुलिस बल, हेलमेट और लाठी के रेड की गई थी। इतना ही नहीं, दूसरे थाना क्षेत्र में छापेमारी करने के बावजूद संबंधित थाना को सूचित भी नहीं किया गया था।

एसपी ने स्पष्ट किया है कि SOP  का पालन नहीं करना गंभीर लापरवाही है और इससे विभाग की छवि धूमिल होती है। भविष्य में ऐसी गलती करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है, लेकिन इस घटना ने एक साथ दो सवाल खड़े कर दिए हैं एक तरफ आरोपी का दुस्साहस, तो दूसरी ओर पुलिस कार्रवाई में लापरवाही। अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में आगे क्या मोड़ आता है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार