Bihar Police: एसपी ने चौकीदार को किया सस्पेंड, वायरल ऑडियो से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

Bihar Police: 28 हजार रुपये रिश्वत लेकर आरोपी को छोड़ने का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।....

Motihari Watchman Suspended
एसपी ने चौकीदार को किया सस्पेंड- फोटो : X

Bihar Police: बिहार के मोतिहारी में शराब तस्करी के एक मामले में कथित तौर पर 28 हजार रुपये रिश्वत लेकर आरोपी को छोड़ने का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इस मामले से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोटवा थाना में तैनात चौकीदार रूपलाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, वायरल ऑडियो में थाना के छोटा बाबू की भूमिका का भी जिक्र होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को पूरे मामले की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया है।मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में अनुशासन और कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रारंभिक जांच में चौकीदार पर शराब कारोबारी को पकड़ने के बाद केस में नाम दर्ज नहीं करने के बदले 28 हजार रुपये लेकर छोड़ने संबंधी बातचीत करने का आरोप सामने आया है। हालांकि, पूरे मामले की सच्चाई विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

वायरल ऑडियो में 28 हजार रुपये लेकर छोड़ने की बातचीत

पुलिस प्रशासन की ओर से जारी निलंबन आदेश के मुताबिक, वायरल ऑडियो के अवलोकन और प्रारंभिक जांच में कोटवा थाना के चौकीदार 1/4 रूपलाल की संदिग्ध भूमिका सामने आई है। आरोप है कि उन्होंने एक शराब कारोबारी को पकड़ने के बाद उसके खिलाफ कांड में नाम दर्ज नहीं करने और उसे छोड़ने के एवज में 28 हजार रुपये लेने से संबंधित बातचीत की।प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया चौकीदार रूपलाल की संलिप्तता प्रतीत होने की बात कही गई है। पुलिस प्रशासन ने इस कथित कृत्य को गंभीरता से लेते हुए इसे विभागीय अनुशासन और नियमों के प्रतिकूल माना है।

एसपी स्वर्ण प्रभात ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित

एसपी स्वर्ण प्रभात ने चौकीदार रूपलाल के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की है। निलंबन आदेश में कहा गया है कि इस तरह के संदिग्ध आचरण से शराब तस्करों का मनोबल बढ़ने की आशंका है। साथ ही आम लोगों के बीच पुलिस की छवि धूमिल होने और पुलिस प्रशासन के प्रति अविश्वास एवं असंतोष पैदा होने की संभावना है।आदेश में चौकीदार के आचरण को स्वेच्छाचारिता, लापरवाही और विभागीय अनुशासन के विपरीत बताते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

वायरल ऑडियो में छोटा बाबू का भी जिक्र, डीएसपी करेंगे जांच

इस पूरे प्रकरण में कोटवा थाना के छोटा बाबू की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। वायरल ऑडियो में शराब कारोबारी को पकड़ने और छोड़ने के मामले में उनकी भूमिका का भी जिक्र सुनाई देने की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।जांच में यह पता लगाया जाएगा कि शराब कारोबारी को छोड़ने के कथित मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा वायरल ऑडियो में किए गए दावों की वास्तविकता क्या है।

जांच रिपोर्ट के बाद अन्य आरोपियों पर भी हो सकती है कार्रवाई

एसपी के निर्देश पर अब पूरे मामले की तह तक जाने की तैयारी है। जांच के दौरान वायरल ऑडियो की सत्यता, कथित लेन-देन और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। यदि जांच में अन्य कर्मियों की संलिप्तता प्रमाणित होती है तो उनके खिलाफ भी विभागीय और नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।इस घटना ने एक बार फिर शराबबंदी कानून के पालन और पुलिसकर्मियों की जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें डीएसपी की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार