Bihar Crime: दो अपर थानाध्यक्ष सस्पेंड, मुंगेर में खाकी की दबंगई पर गिरी गाज, एसपी के एक्शन से विभाग में हड़कंप

Bihar Crime: मुंगेर में खाकी की दबंगई पर आखिरकार कार्रवाई की गाज गिर गई। ...

Munger Cops Suspended Over Assault of Three Innocent Youths
दो अपर थानाध्यक्ष सस्पेंड- फोटो : social Media

Bihar Crime: मुंगेर में खाकी की दबंगई पर आखिरकार कार्रवाई की गाज गिर गई। तीन युवकों को कथित तौर पर थाने लाकर उनके साथ मारपीट किए जाने के मामले में पुलिस कप्तान ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए दो पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है।

मामला बरियारपुर और शामपुर थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि ओवरटेक को लेकर हुए विवाद के बाद तीन युवकों को पुलिस थाने लेकर आई, जहां उनके साथ मारपीट की गई। घटना की शिकायत सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कराई गई।ट्रैफिक डीएसपी की जांच रिपोर्ट के आधार पर मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने बरियारपुर थाना के एसआई चंदन कुमार और शामपुर थाना के एसआई नीतीश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दोनों पर पुलिसिया कार्रवाई के दौरान नियमों और अनुशासन की अनदेखी करने के आरोप सामने आए।

जांच रिपोर्ट में पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को अपरिपक्व करार देते हुए इसे गंभीर स्थिति के लिए जिम्मेदार माना गया। रिपोर्ट के आधार पर अधिकारियों की भूमिका को लेकर सवाल खड़े हुए, जिसके बाद एसपी ने विभागीय स्तर पर सख्त कदम उठाया।

पुलिस महकमे में हुई इस कार्रवाई को साफ संदेश के तौर पर देखा जा रहा है कि कानून की हिफाजत की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मियों की मनमानी या कथित ज्यादती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में निलंबन की कार्रवाई के बाद अब यह देखना अहम होगा कि आगे की विभागीय जांच में और क्या तथ्य सामने आते हैं।

फिलहाल दो पुलिस अधिकारियों पर गिरी निलंबन की गाज ने मुंगेर में खाकी की कार्यशैली को लेकर उठ रहे सवालों के बीच विभाग के भीतर जवाबदेही और अनुशासन का मुद्दा फिर सुर्खियों में ला दिया है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान