Bihar Crime: BJP विधायक को AK-47 से भून देने की धमकी, थाने में मचा हड़कंप, सियासी गलियारों में सनसनी

Bihar Crime: भारतीय जनता पार्टी के विधायक को कथित तौर पर AK-47 से जान से मारने की धमकी दी गई है।...

Muzaffarpur AK 47 Threat to BJP MLA Sparks Panic
BJP विधायक को AK-47 से भून देने की धमकी- फोटो : social Media

Bihar Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने राजनीतिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। भारतीय जनता पार्टी के नगर विधायक रंजन कुमार को कथित तौर पर AK-47 से जान से मारने की धमकी दी गई है। सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ विवाद अब धमकी, मारपीट और पुलिसिया जांच तक पहुंच गया है। पूरे मामले के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

भाजपा विधायक रंजन कुमार ने मिठनपुरा थाने में आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। विधायक का आरोप है कि कन्हौली निवासी मुकुंद कुमार और पताही के एक युवक ने सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने की साजिश रची। विधायक के मुताबिक आरोपी लगातार मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र को लेकर भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट शेयर कर रहा था। बीती रात उसने विधायक की तस्वीर का गलत इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर ऐसा कंटेंट डाला, जिससे उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।

मामला तब और गरमा गया जब विधायक रंजन कुमार अपने समर्थकों और मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ आरोपी के घर पूछताछ करने पहुंचे। आरोप है कि वहां मुकुंद कुमार आगबबूला हो गया और गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू कर दी। विधायक का दावा है कि आरोपी ने खुद को अपराधी बताते हुए खुलेआम धमकी दी कि वह पहले भी AK-47 रखने के मामले में जेल जा चुका है और जरूरत पड़ी तो उसी हथियार से सबको “भून” देगा।

इस धमकी के बाद राजनीतिक गलियारों में सनसनी फैल गई है। विधायक ने पूरे मामले की शिकायत न सिर्फ स्थानीय थाने में की है, बल्कि इसकी कॉपी मुजफ्फरपुर एसएसपी और साइबर थाना पुलिस को भी भेजी गई है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की गहन जांच कर आईटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाए।

हालांकि इस मामले ने नया मोड़ तब ले लिया जब दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई। आरोपी मुकुंद कुमार ने विधायक और उनके समर्थकों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच में जुट गई है।

मिठनपुरा थानेदार अजय कुमार के मुताबिक डिजिटल सबूत, सोशल मीडिया पोस्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान खंगाले जा रहे हैं। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल पूरे मामले ने मुजफ्फरपुर की सियासत में भारी उबाल ला दिया है।