Bihar Crime: स्कूल जाती छात्राओं पर ब्लेड से हमला, SSP ने संभाली खुद कमान ,72 घंटे में साजिशकर्ता को तबोचा, हमलावर की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी
Bihar Crime: स्कूल जा रही दो छात्राओं पर ब्लेड से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 72 घंटे के भीतर मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है।...
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर के बरुराज थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही दो छात्राओं पर ब्लेड से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 72 घंटे के भीतर मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, छात्राओं पर कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला करने वाला आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
घटना सोमवार की बताई जा रही है। मनोहर छपरा गांव स्थित पुलिया के समीप दोनों छात्राएं साइकिल से स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश ने कथित तौर पर उन पर ब्लेड से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दोनों छात्राएं घायल हो गईं और वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से कमालपुर बिथरौल की ओर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्राओं को इलाज के लिए सीएचसी मोतीपुर में भर्ती कराया। घायल छात्राओं की पहचान कमालपुर बिथरौल निवासी पंचन कुमारी और अंजू कुमारी के रूप में हुई है। छात्राओं के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर एसडीपीओ वेस्ट-2 सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की घेराबंदी शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले और मुख्य साजिशकर्ता तक पहुंच बनाई गई। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार साजिशकर्ता घायल छात्रा के गांव का ही रहने वाला है और दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के बीच इंस्टाग्राम कॉल के जरिए बातचीत होने की बात भी सामने आई है।अब पुलिस उस शख्स की तलाश में जुटी है, जिसने कथित तौर पर छात्राओं पर ब्लेड से हमला किया था। उसके संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि हमले के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और साजिश में कितने लोग शामिल थे। मामले की आगे की तफ्तीश में घटना की पूरी कड़ी सामने आने की उम्मीद है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा