बिहार में खाकी भी महफूज नहीं! पुलिसवाली पर पिस्टल तानकर डेढ़ लाख की चेन की लूट, गोली चलाकर भागे बदमाश, अब लकीर पीट रही बिहार पुलिस

कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बाइक सवार बदमाशों ने BMP-6 में तैनात महिला कांस्टेबल से पिस्टल की नोक पर सोने की चेन लूट ली।...

Muzaffarpur BMP 6 Woman Constable Robbed at Gunpoint Chain L
महिला कांस्टेबल भी नहीं बची- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में बेखौफ अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। मुजफ्फरपुर में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बाइक सवार बदमाशों ने BMP-6 में तैनात महिला कांस्टेबल से पिस्टल की नोक पर सोने की चेन लूट ली। महिला कांस्टेबल ने जब बदमाशों का विरोध करते हुए उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।वारदात मिठनपुरा थाना क्षेत्र में BMP-6 के समीप न्यू दुर्गापुरी कॉलोनी की बताई जा रही है। शुक्रवार शाम महिला कांस्टेबल नेहा कुमारी स्कूटी से बाजार से सब्जी खरीदकर अपने आवास लौट रही थीं। जैसे ही वह BMP-6 मेन रोड से अपने आवास की तरफ जाने वाली गली में मुड़ीं, पहले से घात लगाए काले रंग की पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी के आगे बाइक अड़ा दी।

महिला कांस्टेबल इससे पहले कुछ समझ पातीं, बदमाशों ने पिस्टल निकालकर उन्हें धमकाया और गले से करीब एक भर वजन की सोने की चेन झपट ली। चेन की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के दौरान नेहा कुमारी ने हिम्मत दिखाई और बदमाशों का पीछा करते हुए उन्हें पकड़ने की कोशिश की। लेकिन दोनों अपराधी बाइक मोड़कर भागने लगे।भागते वक्त बदमाशों ने एक राउंड फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते लूट और फायरिंग की खबर पूरे इलाके में फैल गई।

सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों के भागने के रूट का पता लगाने में जुटी है। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर अपराधियों की पहचान की कोशिश जारी है।

नेहा कुमारी ने बताया कि दोनों बदमाश पहले उनकी स्कूटी का पीछा कर रहे थे। गली में मुड़ते ही उन्होंने रास्ता रोककर पिस्टल के बल पर चेन लूटी और विरोध करने पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा