शेयर ट्रेडिंग के नाम पर एयरफोर्स के रिटायर्ड सार्जेंट से लाखों का फ्रॉड, पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच में जुटी साइबर थाना पुलिस
Bihar Crime: बिहार में साइबर अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ शातिर ठगों ने एक रिटायर्ड एयरफोर्स सार्जेंट को अपने फरेब और जाल में फंसाकर 18.15 लाख रुपये की बड़ी ठगी को अंजाम दिया। ...
Bihar Crime: बिहार में साइबर अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ शातिर ठगों ने एक रिटायर्ड एयरफोर्स सार्जेंट को अपने फरेब और जाल में फंसाकर 18.15 लाख रुपये की बड़ी ठगी को अंजाम दिया। मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के बीबीगंज आनंदपुरी मोहल्ला निवासी ब्रजेश कुमार सिंह को शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर साइबर अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया।
पीड़ित ने साइबर थाना में एफआईआर दर्ज कराते हुए पूरी वारदात का खुलासा किया है। साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है और इसकी जांच इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस टीम अब इस संगठित साइबर गिरोह की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, ब्रजेश कुमार सिंह बीते वर्ष 30 सितंबर को एयरफोर्स से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद मिली जमा-पूंजी ही ठगों के निशाने पर आ गई। 18 मार्च को उन्हें फनसोल सेक्युरिटीज प्रा. लि. नामक कथित निवेश कंपनी के बारे में जानकारी दी गई, जिसने अधिक लाभ का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसा लिया।
इसके बाद उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया, जिसमें करीब 120 सदस्य शामिल थे। ग्रुप के एडमिन गुल टेक चांदनी और अनन्या कुलकर्णी नामक फर्जी पहचान वाले व्यक्ति बताए गए। इन दोनों ने मिलकर उन्हें प्ले स्टोर से “फिनसोलगो” ऐप डाउनलोड कराया और धीरे-धीरे विश्वास जीत लिया।24 मार्च को 15 हजार रुपये निवेश कराए गए और ऐप में 3200 शेयर दिखाकर भरोसा बढ़ाया गया। बाद में 30 मार्च को RTGS के माध्यम से 3 लाख रुपये “किंग्स इंटरप्राइजेज” के खाते में डलवाए गए। इसके बाद 1 अप्रैल को बिना अनुमति 60 हजार शेयर दिखाकर और दबाव बनाकर 15 लाख रुपये और ऐंठ लिए गए।
जब पीड़ित ने विरोध किया तो धमकी दी गई कि पूरा निवेश ब्लॉक कर दिया जाएगा। अंततः और 11 लाख रुपये की मांग की गई और विरोध करने पर उन्हें ग्रुप से बाहर कर दिया गया। पुलिस अब इस पूरे साइबर फ्रॉड नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है।