Bihar Crime: चावल-चीनी के बैग में शराब का खेल, उत्पाद विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप
Bihar Crime: होली से पहले एक तरफ शराब माफिया रंगों के त्योहार को ‘नशे के कारोबार’ में तब्दील करने की साजिश रच रहे हैं...
Bihar Crime: होली से पहले जहां एक तरफ शराब माफिया रंगों के त्योहार को ‘नशे के कारोबार’ में तब्दील करने की साजिश रच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम उनके मंसूबों पर लगातार पानी फेर रही है। ताजा कार्रवाई में विदेशी शराब की खेप को चावल और चीनी के बैग में छुपाकर सप्लाई करने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है।
उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पहली छापेमारी अहियापुर थाना क्षेत्र के जगदंबा कॉलोनी में की गई। रिहायशी इलाके में कबाड़ के गोदाम की आड़ में चल रहे इस काले कारोबार का भंडाफोड़ हुआ। गोदाम में रखे चावल और चीनी के बैग को जब टीम ने खोला तो सब दंग रह गए—अंदर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। पहली नजर में सामान्य राशन की बोरियां दिख रही थीं, मगर हकीकत में वह शराब तस्करी का नया हथकंडा निकला। मौके से एक टेंपो जब्त किया गया, हालांकि तस्कर फरार होने में कामयाब रहे। गोदाम मालिक को चिन्हित कर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दूसरी बड़ी कार्रवाई रामपुर हरि थाना क्षेत्र के नरकटिया गांव में हुई, जहां मिट्टी के अंदर गाड़कर रखे गए 21 जार में करीब 420 लीटर कच्चा स्प्रिट बरामद किया गया। बताया जाता है कि इससे पहले भी इसी इलाके से लगभग 4000 लीटर स्प्रिट जब्त किया गया था। आशंका थी कि कुछ खेप को टीम के पहुंचने से पहले ही कहीं और ठिकाने लगा दिया गया है। लगातार छानबीन के बाद आखिरकार 420 लीटर स्प्रिट को बरामद कर लिया गया।
उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर होली से पूर्व पूरे जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शराब तस्करों के खिलाफ सख्त निगरानी और ताबड़तोड़ छापेमारी जारी रहेगी। साफ है होली के रंग में जहर घोलने की हर साजिश पर प्रशासन की पैनी नजर है, और माफियाओं की हर चाल नाकाम करने का अभियान तेज हो चुका है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा