Bihar Crime:बच्चा चोरी के शक में महिला को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, अफवाह पर बेकाबू हुई भीड़

Bihar Crime:बिहार में इंसानियत उस वक्त शर्मसार हो गई जब बच्चा चोरी की अफवाह ने भीड़ को हैवान बना दिया। ....

Hajipur Woman chased and beaten on suspicion of child theft
बच्चा चोरी के शक में महिला को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा- फोटो : reporter

Bihar Crime:बिहार में इंसानियत उस वक्त शर्मसार हो गई जब बच्चा चोरी की अफवाह ने भीड़ को हैवान बना दिया। हाजीपुर के सदर अस्पताल परिसर के बाहर एक महिला पर बच्चा चोरी का इल्ज़ाम लगाकर लोगों ने उसे सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर बेरहमी से पीट डाला। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सैकड़ों की भीड़ तमाशबीन बन खड़ी रही।

बताया जा रहा है कि सराय थाना क्षेत्र निवासी बलिराम सिंह की पत्नी इंदु देवी इलाज के सिलसिले में सदर अस्पताल आई थीं। ओपीडी में मौजूद एक बच्चे के सिर पर उन्होंने हाथ रख दिया, जिसके बाद स्वजनों ने बच्चा चोरी का शोर मचा दिया। अस्पताल प्रशासन ने पूछताछ के बाद मामला शांत करा दिया, लेकिन जैसे ही महिला अस्पताल परिसर से बाहर निकली, उग्र भीड़ ने उसे घेर लिया और सड़क पर पिटाई शुरू कर दी।

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और नगर थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार मौके पर पहुंचे और महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गए। नगर थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया बच्चा चोरी का आरोप बेबुनियाद प्रतीत होता है और महिला से पूछताछ जारी है।

इस मामले पर वैशाली के पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि अफवाह के आधार पर किसी के साथ मारपीट करना कानूनन अपराध है। उपलब्ध आवेदन और वीडियो फुटेज के आधार पर कांड दर्ज कर लिया गया है और दोषियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

बता दें कि वैशाली जिले में पिछले कई दिनों से बच्चा चोरी की अफवाह पर हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। महुआ, सदर और बिदुपुर थाना क्षेत्रों में भी निर्दोष लोगों को शक के आधार पर पीटा जा चुका है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर यकीन न करें और कानून को हाथ में लेने से बचें। वरना भीड़तंत्र के इस खौफनाक खेल में अगला निशाना कोई भी हो सकता है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार