Bihar Love Marriage Case: प्रेम विवाह बना मौत का फंदा, बहन की हत्या के बाद पति को भी धमकी, मुजफ्फरपुर में खौफनाक साजिश का सनसनीखेज खुलासा

प्रेम, विरोध, बदले और खून की साजिश ने एक परिवार को ही तहस-नहस कर दिया। ...

Muzaffarpur Love Marriage Case Woman Killed Husband Threaten
इश्क का अंजाम या इंसाफ की चीख?- फोटो : reporter

Bihar Love Marriage Case:बिहार के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के घंसौत गांव से सामने आई यह वारदात किसी खौफनाक दास्तान से कम नहीं, जहां प्रेम, विरोध, बदले और खून की साजिश ने एक परिवार को ही तहस-नहस कर दिया। प्रेम विवाह के बाद एक युवती की हत्या और उसके पति को मिल रही जान से मारने की धमकियों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।घटना की शुरुआत गौड़ी शंकर कुमार और सुनीता कुमारी के प्रेम संबंध से हुई, जो स्कूल के दिनों से शुरू होकर करीब छह वर्षों तक चला। दोनों ने सामाजिक विरोध के बावजूद समस्तीपुर में शादी रचाई और फिर हरियाणा में पति-पत्नी के रूप में रहने लगे। लेकिन इसी बीच युवती के परिजनों ने गौड़ी शंकर पर अपहरण का मामला दर्ज करा दिया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया।

कोर्ट में धारा 164 के बयान के दौरान सुनीता ने स्पष्ट रूप से अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई थी, लेकिन इसके बावजूद कानूनी प्रक्रिया के तहत युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। यहीं से कहानी ने एक भयावह मोड़ ले लिया।आरोप है कि इसी दौरान युवती के परिजनों ने एक सुनियोजित साजिश रचकर उसे उसके मौसी के घर से वापस बुलाया और बाद में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। इस जघन्य वारदात में कथित रूप से उसके भाई अभिषेक कुमार और कुछ अन्य लोगों की भूमिका सामने आई है। बाद में शव को छुपाने के लिए दाह संस्कार कर दिए जाने का भी आरोप है।

जेल से बाहर आने के बाद गौड़ी शंकर को जब इस घटना की जानकारी मिली तो वह सदमे में आ गया। उसने कई बार पुलिस से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कार्रवाई न होने पर उसने वीडियो जारी कर आत्महत्या की चेतावनी तक दे दी।वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच के दौरान आरोपी भाई अभिषेक कुमार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने कथित रूप से स्वीकार किया कि परिवार की “इज्जत” के नाम पर उसने अपनी बहन की हत्या की साजिश में हिस्सा लिया।

इधर, अब गौड़ी शंकर ने आरोप लगाया है कि उसे भी लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उसका कहना है कि युवती के परिजन और स्थानीय प्रभावशाली लोग उसे खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे वह भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और सुरक्षा का भरोसा दिया है। हालांकि, यह मामला अब केवल एक प्रेम कहानी नहीं रह गया है, बल्कि यह सवाल खड़ा कर रहा है कि क्या सामाजिक दबाव और ‘इज्जत’ के नाम पर कानून से ऊपर कोई और न्याय चल रहा है।

फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। यह केस अब न सिर्फ एक हत्या की गुत्थी है, बल्कि प्रेम, परिवार और कानून के बीच टकराव की एक बेहद दर्दनाक मिसाल बन चुका है। 

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा