Bihar Crime: इश्क की सजा मौत, प्रेम विवाह से नाराज परिवार ने बेटे को उतारा मौत के घाट, जलते सबूतों ने खोला राज, पत्नी का दर्दनाक आरोप

Bihar Crime: प्रेम विवाह से नाराज परिवार ने कथित तौर पर अपने ही बेटे की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए आनन-फानन में उसका दाह संस्कार कर दिया।...

Muzaffarpur  Love Marriage Turns Deadly Wife Files FIR
इश्क की सजा मौत- फोटो : reporter

Bihar Crime:  बिहार के सकरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम विवाह से नाराज परिवार ने कथित तौर पर अपने ही बेटे की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए आनन-फानन में उसका दाह संस्कार कर दिया। यह पूरा मामला अब हत्या, साजिश और छिपाव के गंभीर आरोपों में बदल चुका है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।

घटना डिहुली इसहाक गांव की है, जहां रहने वाले विनय पासवान का प्रेम संबंध बसंतपुर झिटकाही की चांदनी कुमारी से था। दोनों की मुलाकात एक कार्यस्थल और कॉलेज के आसपास हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। करीब दो साल तक चले संबंध के बाद दोनों ने 9 अप्रैल 2024 को सकरा स्थित एक शिव मंदिर में शादी कर ली।

शादी के बाद दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे, लेकिन विनय पासवान के परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। आरोप है कि परिजनों ने न केवल दंपति को घर में जगह देने से इनकार किया, बल्कि कई बार उन्हें अलग रहने पर मजबूर कर दिया।पीड़िता चांदनी कुमारी का आरोप है कि उसके ससुराल पक्ष ने उसके पति विनय पासवान के साथ लगातार मारपीट की और उसे प्रताड़ित किया। उसने दावा किया कि इसी पारिवारिक तनाव के बीच उसके पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो भी वायरल हुआ है, जिसे अब मामले में अहम सबूत माना जा रहा है। घटना के बाद आनन-फानन में शव का दाह संस्कार कर दिया गया, जिससे साक्ष्य नष्ट करने के आरोप और गहरे हो गए हैं। सूचना मिलने पर एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और दाह संस्कार स्थल से राख व अवशेष इकट्ठा कर जांच के लिए भेजे गए हैं।

डीएसपी ईस्ट टू मनोज कुमार सिंह ने बताया कि चांदनी कुमारी के आवेदन के आधार पर सकरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी तेज कर दी है। फिलहाल यह मामला प्रेम विवाह, पारिवारिक असहमति और संदिग्ध मौत के बीच उलझा हुआ है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है कि यह वाकई हत्या है या इसके पीछे कोई और गहरी साजिश छिपी है। वहीं, पीड़िता न्याय की गुहार लगा रही है और पूरा मामला अब कानून के कठघरे में सच्चाई का इंतजार कर रहा है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा