Bihar Crime: एक सुराग और खुल गया पूरा राज,पकड़े गए ज्वैलरी लूट के मास्टरमाइंड,क्या है पोखरैरा लूटकांड का पूरा सच? पढ़िए अंदर की बात

Bihar Crime: पिछले साल हुए सनसनीखेज ज्वैलरी लूट कांड का आखिरकार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। ...

Pokhraira jewelry
लूट का राजफाश- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में पिछले साल हुए सनसनीखेज ज्वैलरी लूट कांड का आखिरकार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। हथियार के बल पर स्वर्ण कारोबारी से आभूषण और नकदी लूटने वाले दो शातिर अपराधियों को पुलिस ने धर दबोचा है। गिरफ्तारी के साथ ही लूटे गए जेवरात और हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं, जिससे इस पूरे कांड का काला सच सामने आ गया है।

यह वारदात 25 अक्टूबर 2025 की है, जब जैतपुर थाना क्षेत्र के पोखरैरा में बाइक सवार तीन अपराधियों ने दिनदहाड़े स्वर्ण कारोबारी रामबाबू साह को निशाना बनाया था। बदमाशों ने हथियार का खौफ दिखाकर उनसे कीमती आभूषण और करीब 30 हजार रुपए लूट लिए और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव बढ़ गया था।

मामले की नजाकत को समझते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर एक स्पेशल टीम का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के अनुश्रवण और एसडीपीओ सरैया के नेतृत्व में इस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार अपराधियों का पीछा किया।

आखिरकार गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सरैया थाना क्षेत्र के रहने वाले दो अपराधी अरुण कुमार और अवधेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए। जब दोनों से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया और उनकी निशानदेही पर लूटे गए स्वर्ण आभूषण भी बरामद कर लिए गए।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार दोनों अपराधियों पर पहले से ही दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे साफ है कि ये पेशेवर बदमाश हैं और लंबे समय से वारदातों को अंजाम देते आ रहे थे।

एसएसपी ने बताया कि इस कांड में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश अभी जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल दोनों गिरफ्तार अपराधियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस खुलासे के बाद इलाके में राहत की सांस ली जा रही है, लेकिन साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर ऐसे अपराधी कब तक कानून को चुनौती देते रहेंगे?

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा