मुजफ्फरपुर में बवाल, आतिशबाजी रोकने पहुंची पुलिस पर हमला , रणक्षेत्र में तब्दील हुआ क्षेत्र

Bihar Crime: सड़क पर हो रही आतिशबाजी को रोकने पहुंची पुलिस टीम का कुछ लोगों ने हमला कर दिया...

Muzaffarpur Police Attacked While Stopping Fireworks in Clas
आतिशबाजी रोकने पहुंची पुलिस पर हमला- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र स्थित फुलवरिया चौक उस वक्त अफरा-तफरी और तनाव का अखाड़ा बन गया, जब सड़क पर हो रही आतिशबाजी को रोकने पहुंची पुलिस टीम का कुछ लोगों ने विरोध कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी ने धक्का-मुक्की का रूप ले लिया और मौके पर हंगामे जैसी स्थिति पैदा हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, साहेबगंज विधायक को मिली रिहाई के बाद समर्थकों द्वारा सड़क पर आतिशबाजी की जा रही थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को आतिशबाजी रोकने के लिए कहा। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के कई थानों की पुलिस फुलवरिया चौक पहुंच गई। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बाद हालात पर काबू पाया गया। कुछ समय के लिए इलाके में तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।

सरैया के एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की घटना हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा