Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में चैन स्नैचर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, कोढ़ा गैंग का गुर्गा गिरफ्तार, सोने की चैन बरामद
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर शहर में महिलाओं को निशाना बनाकर सोने की चैन और जेवरात लूटने वाले शातिर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है।...
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर शहर में महिलाओं को निशाना बनाकर सोने की चैन और जेवरात लूटने वाले शातिर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात कोढ़ा गिरोह के एक सदस्य को कटिहार जिले से दबोच लिया है। गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से महिला से छीनी गई सोने की चैन और वारदात के वक्त पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह मामला नगर थाना क्षेत्र के साहू पोखर इलाके का है। 20 जुलाई 2026 की सुबह करीब सात बजे महिला मुन्नी खातून मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने सुनसान मौका देखकर झपट्टा मारा और महिला के गले से सोने की चैन छीनकर फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई थी।
घटना के बाद पीड़िता ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। डीएसपी टाउन सुरेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम में नगर थाना अध्यक्ष जय प्रकाश सिंह समेत कई पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना तंत्र के आधार पर अपराधियों की तलाश शुरू की। लगातार निगरानी और छापेमारी के बाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र स्थित जुराबगंज से शिवम कुमार नामक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने अपराधी के नेटवर्क और वारदात से जुड़े कई सुराग जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी कोढ़ा गिरोह से जुड़ा हुआ है, जो भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देता है।
गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर पुलिस ने छीनी गई सोने की चैन और घटना के समय इस्तेमाल किए गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। वहीं, उसके दूसरे फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में सक्रिय अपराधी गिरोहों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले बदमाशों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के शिकंजे में लाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा