Bihar Crime: नल-जल घोटाले में बड़ा एक्शन, फरार वार्ड सदस्य के घर पुलिस की कुर्की-जब्ती, सरकारी खजाने की लूट पर चला कानून का डंडा

Bihar Crime:पूर्व वार्ड सदस्य के खिलाफ नल-जल योजना में सरकारी राशि के गबन के गंभीर आरोपों के बाद पुलिस ने उनके आवास पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को अंजाम दिया।...

Muzaffarpur  Property Seized in Nal Jal Scam  Absconding War
फरार वार्ड सदस्य के घर पुलिस की कुर्की-जब्ती- फोटो : reporter

Bihar Crime:मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत बेनीबाद थाना क्षेत्र से भ्रष्टाचार पर कड़ा शिकंजा कसने की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कांटा पीरौंछा उत्तरी पंचायत की पूर्व वार्ड सदस्य रूही प्रवीण के खिलाफ नल-जल योजना में सरकारी राशि के गबन के गंभीर आरोपों के बाद पुलिस ने उनके आवास पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, नल-जल योजना के कार्यान्वयन में भारी अनियमितता और वित्तीय गड़बड़ी का मामला उजागर हुआ था, जिसमें करीब 17 लाख 34 हजार रुपये के गबन का आरोप सामने आया है। इस मामले ने पंचायत स्तर पर भ्रष्टाचार की पोल खोल दी थी। बताया जाता है कि पूर्व वार्ड सदस्य रूही प्रवीण लंबे समय से फरार चल रही थीं और पुलिस की गिरफ्त से बचती रही थीं। लगातार फरारी के बाद न्यायालय के आदेश पर बेनीबाद थाना पुलिस ने उनके घर पर विधिवत कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया के तहत संपत्ति की जब्ती की और पूरे मामले को रिकॉर्ड में लिया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में चर्चा का माहौल बन गया। इस घोटाले में एक बड़ा खुलासा यह भी है कि वार्ड सचिव को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी पूर्व वार्ड सदस्य अभी भी फरार है। इससे यह संकेत मिलता है कि योजना के क्रियान्वयन में संगठित स्तर पर गड़बड़ी की गई थी।

बेनीबाद पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।यह मामला एक बार फिर पंचायत स्तर पर चल रही योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है, जहां विकास के नाम पर सरकारी राशि के दुरुपयोग की परतें खुल रही हैं।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा